संसद में उठा आगरा के जल संकट का मुद्दा, सांसद राजकुमार चाहर ने यमुना पर बैराज निर्माण की मांग की

फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने गुरुवार को लोकसभा में नियम-377 के तहत आगरा के बढ़ते जल संकट का मुद्दा उठाते हुए यमुना नदी पर उपयुक्त स्थान पर बैराज निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि बैराज बनने से भूजल स्तर सुधरेगा, पेयजल और सिंचाई की स्थायी व्यवस्था होगी, यमुना का पारिस्थितिक संतुलन बेहतर होगा और ताजमहल समेत ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सांसद ने केंद्र सरकार से इस परियोजना का डीपीआर तैयार कर जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया।

Jul 23, 2026 - 15:45
 0
संसद में उठा आगरा के जल संकट का मुद्दा, सांसद राजकुमार चाहर ने यमुना पर बैराज निर्माण की मांग की

नई दिल्ली। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर ने गुरुवार को लोकसभा में नियम-377 के अंतर्गत आगरा की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बढ़ते जल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से आगरा में यमुना नदी के ऊपरी अथवा निचले प्रवाह क्षेत्र में किसी उपयुक्त स्थान पर बैराज का निर्माण कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र में जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और सिंचाई जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।

लगातार गिर रहा है भूजल स्तर

सांसद राजकुमार चाहर ने सदन में कहा कि आगरा विश्वभर में अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से शहर और आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। इसका सीधा असर पेयजल आपूर्ति और कृषि पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जबकि शहर में भी भविष्य के जल संकट की आशंका लगातार गहराती जा रही है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।

बैराज बनेगा तो सालभर होगा जल भंडारण

सांसद ने कहा कि यमुना नदी पर बैराज बनने से वर्षभर जल का भंडारण संभव होगा। इससे भूजल पुनर्भरण (ग्राउंड वाटर रिचार्ज) को बढ़ावा मिलेगा और तेजी से गिर रहे भूजल स्तर में सुधार आएगा। साथ ही आगरा और आसपास के क्षेत्रों को पेयजल एवं सिंचाई के लिए स्थायी जल स्रोत उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के जल प्रबंधन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ताजमहल और पर्यावरण संरक्षण को भी मिलेगा लाभ

राजकुमार चाहर ने सदन में यह भी कहा कि प्रस्तावित बैराज से यमुना नदी का पारिस्थितिक संतुलन बेहतर होगा। नदी में पर्याप्त जल उपलब्ध रहने से ताजमहल सहित अन्य ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। लंबे समय से विशेषज्ञ भी यमुना में पर्याप्त जल प्रवाह बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि नदी का स्वरूप बेहतर होगा तो पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

डीपीआर तैयार कर जल्द स्वीकृति देने की मांग

सांसद राजकुमार चाहर ने भारत सरकार से आग्रह किया कि आगरा में यमुना नदी पर उपयुक्त स्थान चिन्हित कर बैराज निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराया जाए। साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि आगरा और आसपास के लाखों लोगों को भविष्य के जल संकट से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।