आकाशवाणी आगरा की प्रशासनिक अधाकारी सुनीता जागिया की 41 वर्षों की सेवा का अध्याय पूरा, विदाई
आगरा। चार दशकों से अधिक समय तक देश की सार्वजनिक प्रसारण सेवा को समर्पित रहकर प्रशासनिक कार्यशैली, सौम्यता और कर्मयोग की मिसाल बनीं प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती सुनीता जागिया 31 जनवरी 2026 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन आकाशवाणी आगरा से 41 वर्षों की गौरवमय सेवा अवधि पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गईं। इस अवसर पर आकाशवाणी आगरा परिसर में एक गरिमामय, भावनात्मक और सम्मानपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें आकाशवाणी परिवार के साथ उनके परिजन, मित्र और शुभेच्छु शामिल हुए।
श्रीमती सुनीता जागिया ने अपने शासकीय करियर की शुरुआत भारत सरकार के गृह मंत्रालय से की थी। इसके पश्चात वे देशभर में विस्तारित आकाशवाणी एवं दूरदर्शन नेटवर्क के विभिन्न केंद्रों पर कार्यरत रहीं। विभाग में उन्होंने एक सशक्त नारी, निष्ठावान अधिकारी और कर्मयोगी के रूप में पहचान बनाई।
सेवानिवृत्ति समारोह के दौरान आकाशवाणी परिवार की ओर से केक काटकर श्रीमती जागिया को पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न और मंगलकामनाओं के साथ विदाई दी गई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को विभाग के लिए एक मजबूत स्तंभ बताया।
विदाई समारोह में प्रशासनिक अधिकारी हेम कुमार पाराशर, अभियांत्रिकी अधिकारी आरपी सिंह, राजेश बाजपेई, कार्यक्रम अधिकारी अनेंद्र सिंह तथा बृजेंद्र नारायण सिंह, वरिष्ठ अभियांत्रिकी सहायक राजीव यादव के अलावा कार्यक्रम, अभियांत्रिकी एवं प्रशासनिक अनुभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आकाशवाणी के कई पूर्व अधिकारी और कर्मचारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।