अखिलेश ने चाचा को फिर दिया गच्चा, माफिया होते तो वह भी बन जाते स्टार प्रचारक- जेपीएस राठौर

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने हमेशा अपने चाचा शिवपाल यादव को गच्चा दिया है। बिहार चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में शिवपाल यादव का नाम न होना इसी की बानगी है।

Oct 25, 2025 - 20:14
Oct 25, 2025 - 20:16
 0
अखिलेश ने चाचा को फिर दिया गच्चा, माफिया होते तो वह भी बन जाते स्टार प्रचारक- जेपीएस राठौर
प्रेस से वार्ता करते प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर।

राठौर ने कहा कि सपा की राजनीति पूरी तरह वोट बैंक पर आधारित है। अगर माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी आज जीवित होते, तो समाजवादी पार्टी उन्हें भी स्टार प्रचारक बना देती। उन्होंने कहा कि आजम खान जैसे नेताओं ने हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया और सपा ने हमेशा ऐसे चेहरों को बढ़ावा दिया।

शनिवार सायं बरेली सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेपीएस राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जिन मदरसों को बंद करने का निर्णय लिया है, वे बिना मान्यता के गलत तरीके से संचालित हो रहे थे। उन्होंने साफ कहा कि सरकार किसी भी स्थिति में बच्चियों के साथ हो रहे गलत व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगी।

राठौर ने सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनकी राजनीति सिर्फ जातिवाद और तुष्टीकरण तक सीमित है। समाज को बांटने और धार्मिक भावनाओं से खेलने की यह नीति अब जनता समझ चुकी है।

बिहार चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार को पिछली बार की तुलना में तीन गुना अधिक धनराशि दी है, लेकिन जब तक वहां कानून-व्यवस्था सुधरेगी नहीं, तब तक कोई उद्योग स्थापित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह बिहार को भी ‘माफिया मुक्त’ बनाना होगा, तभी निवेश आएगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा।

राज्य मंत्री ने आगे बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय माय भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ‘विकसित भारत पदयात्राएं’ आयोजित कर रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, समाज के प्रति जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करना है।

राठौर ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण’ के विजन से प्रेरित है। इस अभियान में युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक देश के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इसे अमृत पीढ़ी के लिए एक प्रेरक पहल बताया, जो भारत के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए युवाओं को जागरूक कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor