ऑल इंडिया होम्योपैथिक कांग्रेस 10–11 जनवरी 2026 को आगरा में होगी, जुटेंगे देश भर के चिकित्सक
आगरा। जनवरी 2026 में देशभर के प्रमुख होम्योपैथिक चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों का भव्य समागम ताजनगरी आगरा में होगा, जहां आधुनिक होम्योपैथी की दिशा और दशा बदलने वाले शोध-पत्रों, अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
देशभर में होम्योपैथी के चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर बढ़ते प्रभाव और आधुनिक स्वास्थ्य प्रणाली में उसकी भूमिका को देखते हुए, द्वितीय ऑल इंडिया होम्योपैथिक कांग्रेस 10–11 जनवरी 2026 को आगरा में आयोजित की जा रही है। यह दो दिवसीय आयोजन आगरा के हरीपर्वत स्थित एमडी जैन आचार्य शांति सागर सभागार में होगा।
इस कार्यक्रम का उद्घोषणा समारोह मंगलवार को आवास विकास स्थित सेल्फी रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के जॉइंट सेक्रेटरी जनरल व आयोजन सचिव डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने जानकारी दी कि हाल ही में कोलकाता में संपन्न हुई एनईसी बैठक में सर्वसम्मति से आगरा को इस राष्ट्रीय कांग्रेस की मेजबानी के लिए चुना गया।
इस मौके पर आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि यह आयोजन आगरा के लिए गौरव का विषय है कि आइडियल होमियोपैथिक वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जे. एन. सिंह रघुवंशी ने डॉ. पार्थसारथी शर्मा को आयोजन सचिव नियुक्त किया है। लीडर्स आगरा को सहयोगी संस्था के रूप में जोड़कर इस कार्यक्रम को और भी व्यापक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में देशभर से आए होम्योपैथिक चिकित्सक अपने-अपने शोध, क्लीनिकल ट्रायल्स और वैज्ञानिक खोजों पर आधारित प्रस्तुतिकरण देंगे। युवाओं के लिए यह सीखने और नेटवर्क बनाने का शानदार मौका होगा, वहीं अनुभवी चिकित्सकों के लिए ज्ञान-विनिमय का मंच।
स्वागत समिति के अध्यक्ष और अहिंसा ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर रोहित जैन ने कहा कि होम्योपैथी ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। ऐसे प्रतिष्ठित आयोजन का आगरा में होना, हमारी शान को बढ़ाता है।
इस घोषणा के अवसर पर डॉ. चारु शुक्ला, डॉ. पीयूष शर्मा, डॉ. आर्यमन शर्मा, हरिकांत शर्मा सहित अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं सदस्य उपस्थित रहे।