फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर अपहरण का आरोप, आगरा में युवक को कार में बंधक बनाया

आगरा में युवक आर्यन यादव ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर दबाव, अपहरण और धमकी का आरोप लगाते हुए दो युवकों के खिलाफ जगदीशपुरा थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि उसे कार में जबरन बैठाकर कई घंटे घुमाया गया, लेकिन अलीगढ़ में मौका पाकर वह भाग निकला। पुलिस जांच जारी है।

Jan 25, 2026 - 22:56
 0
फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर अपहरण का आरोप, आगरा में युवक को कार में बंधक बनाया
इमेज फोटो

आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा में एक युवक ने अपहरण, धमकी और जबरन वसूली के दबाव का गंभीर मामला दर्ज कराया है। पीड़ित आर्यन यादव का आरोप है कि पीयूष गुप्ता और निखिल द्विवेदी ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर उससे पैसे मांगने के लिए पहले दबाव बनाया और फिर जबरन कार में बैठाकर कई घंटे तक घुमाया।

आर्यन यादव के अनुसार, 21 जनवरी की रात आरोपी उसके फ्लैट पर पहुंचे और फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर पैसों का दबाव बनाया। बात नहीं बनने पर अगले दिन सुबह हालात और बिगड़ गए।

कार में जबरन बैठाकर ले जाने का आरोप

पीड़ित का कहना है कि 22 जनवरी की सुबह आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और करीब 4 से 5 घंटे तक कार में घुमाते रहे। इस दौरान लगातार पैसों की मांग की गई और धमकियां भी दी गईं।

अलीगढ़ के रोरावर चौराहे पर भागकर बची जान

आर्यन के मुताबिक, कार अलीगढ़ के रोरावर चौराहे के पास पहुंची तो उसे मौका मिला और वह कार से कूदकर भाग निकला। भागते वक्त उसका iPhone 17 Pro Max मोबाइल कार में ही छूट गया।

परिजनों को सूचना, फिर थाने में शिकायत

घटना के बाद आर्यन ने परिजनों को पूरी जानकारी दी और फिर आगरा लौटकर थाना जगदीशपुरा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों के बयान, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।