अमन का बड़ा भाई बोला- बुरी संगत में बिगड़ गया था वह, परिवार ने नाता तोड़ लिया था

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुए ज्वेलर्स लूट और हत्या कांड के मुख्य आरोपी बदमाश अमन को बीती रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस एनकाउंटर के बाद अब अमन के परिवार की चुप्पी टूटी है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अमन के बड़े भाई मनीष ने बताया कि अमन पूरी तरह अपराध की राह पर उतर चुका था और उसकी बुरी संगत ने उसे बर्बादी की ओर धकेल दिया।

May 6, 2025 - 20:36
 0
अमन का बड़ा भाई बोला- बुरी संगत में बिगड़ गया था वह, परिवार ने नाता तोड़ लिया था
पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारे गए बदमाश अमन की सच्चाई उजागर करता भाई मनीष।

जिंदगी से जुड़ी सच्चाई आई सामने

मनीष ने बताया कि अमन पहले वाल पुट्टी और पेंटिंग का काम करता था, लेकिन चोरी की एक घटना में पकड़े जाने के बाद मालिक ने उसे निकाल दिया। इसके बाद वह छोटे-मोटे अपराधों में लिप्त हो गया और फिर लूट व हत्या जैसी बड़ी वारदात कर बैठा। मनीष ने कहा, पिता ने उसे कई बार समझाया, पर वह नहीं माना। आखिरकार हमने उसे घर से निकाल दिया था।

वारदात से हिल गया था शहर

गौरतलब है कि अमन पर कारगिल चौराहा स्थित फॉर्च्यून टॉवर में बालाजी ज्वेलर्स के शोरूम में लूट और मालिक योगेश चौधरी की हत्या का आरोप था। इस वारदात से पूरा शहर दहल गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में थी। बीती रात अंसल एपीआई पर मुठभेड़ में वह मारा गया।

पोस्टमार्टम हाउस पर जमा हुए परिजन

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अमन के परिजन एसएन मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां मनीष ने मीडिया से बात करते हुए कहा, उसने जो किया, उसका यही अंजाम होना था। हमने बहुत पहले उससे नाता तोड़ लिया था।