पालीवाल पार्क में निर्माण सामग्री पर फूटा गुस्सा: पर्यावरण प्रहरी की आमरण अनशन की चेतावनी
आगरा। शहर के हृदय स्थल पालीवाल पार्क में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर अब मामला टकराव की स्थिति में पहुंच गया है। पर्यावरण प्रहरी प्रदीप खंडेलवाल ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ आमरण अनशन की चेतावनी दे दी है। उनका कहना है कि यदि चार दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नरेट को सूचित कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
प्रदीप खंडेलवाल का आरोप है कि पिछले छह से सात महीनों से पार्क के अंदर सड़क पर निर्माण सामग्री पड़ी हुई है, जिससे लगातार धूल उड़ रही है और पार्क में टहलने आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही और नगर निगम की अनदेखी करार दिया है।
बताया गया है कि इस संबंध में राजकीय उद्यान अधीक्षक द्वारा नगर निगम को दो बार पत्र भेजकर निर्माण सामग्री हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। खंडेलवाल का कहना है कि नगर निगम ठेकेदार की मनमानी के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण सामग्री नहीं हटाई गई, तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी आगरा प्रशासन, नगर निगम और उद्यान विभाग की होगी।
स्थानीय लोगों में भी इस मुद्दे को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। सुबह-शाम सैर करने आने वाले नागरिकों का कहना है कि पार्क जैसी जगह, जो स्वच्छता और हरियाली के लिए जानी जाती है, वहां इस तरह की अव्यवस्था बेहद चिंताजनक है।