आगरा के पशु प्रेमी बोले- क्रूरता करने वालों पर कार्रवाई और सुरक्षा बिना नहीं बनेंगे फीडिंग प्वाइंट

आगरा। शहर में नगर निगम की ओर से सड़क के श्वानों के लिए 300 फीडिंग प्वाइंट बनाए जाने की योजना पर संकट खड़ा हो गया है। पशु प्रेमियों और सोसायटी संचालकों ने साफ कहा है कि जब तक श्वानों पर अत्याचार करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई और समिति के सदस्यों को सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक कोई काम नहीं किया जाएगा। मांग नहीं मानी गई तो जिलाधिकारी को ज्ञापन और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Sep 14, 2025 - 17:54
 0
आगरा के पशु प्रेमी बोले- क्रूरता करने वालों पर कार्रवाई और सुरक्षा बिना नहीं बनेंगे फीडिंग प्वाइंट
कैस्पर्स होम कार्यालय पर आयोजित बैठक में मौजूद पशु प्रेमी।

कैस्पर्स होम की बैठक में उठी मांग

खंदारी हनुमान चौराहा स्थित कैस्पर्स होम कार्यालय में आयोजित बैठक व प्रेस वार्ता में चेयरपर्सन विनीता अरोड़ा और समिति सदस्यों ने कहा कि दस दिन पहले नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने सात सदस्यीय फीडिंग प्वाइंट कोर कमेटी गठित की थी। अभी तक 6 फीडिंग प्वाइंट बनाए गए, लेकिन संजय प्लेस व बाम्बे डाइंग के पास बने प्वाइंट रातों-रात हटा दिए गए। निगम ने कोई कार्रवाई तक नहीं की।

सोसायटी में मारपीट, श्वानों को बीच सड़क छोड़ा

समिति के सदस्यों ने बताया कि शास्त्रीपुरम स्थित द्वारिका कृष्णा रॉयल सोसायटी से नसबंदी कराए गए आठ श्वानों को जब नगर निगम की गाड़ी छोड़ने पहुंची तो सोसायटी के लोगों ने ड्राइवरों के साथ मारपीट कर भगा दिया। गाड़ी का पीछा कर भगवान टाकीज पर फिर हमला किया और श्वानों को सड़क पर छोड़ दिया। बाद में बड़ी मुश्किल से उन्हें दोबारा पकड़ा गया। बावजूद इसके नगर निगम ने अब तक आरोपियों पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई।

 सुरक्षा दो, वरना काम बंद

विनीता अरोड़ा ने चेतावनी दी कि जब तक अपराधियों पर कार्रवाई और पशु प्रेमियों को सुरक्षा नहीं दी जाएगी, तब तक कोई फीडिंग प्वाइंट नहीं बनाया जाएगा। अगर मांग नहीं मानी गई तो जिलाधिकारी को ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

पेट डॉग्स पर माइक्रोचिप लगाने की मांग

पशु प्रेमियों ने सुझाव दिया कि नगर निगम को सड़क के श्वानों पर नहीं, बल्कि पेट डॉग्स पर माइक्रोचिप लगाने की व्यवस्था करनी चाहिए। क्योंकि सड़क के श्वान अपने क्षेत्र में रहते हैं, जबकि पेट डॉग्स को लोग बूढ़ा या बीमार होने पर सड़कों पर छोड़ देते हैं।

बैठक में डॉ. संजीव नेहरू, सुनीत चौहान, त्रिमोहन मिश्रा, शुचि माहेश्वरी, शांतनु बंसल, आशीष कपूर, प्रीची जैन, डिम्पी महेन्द्रू, अंकित शर्मा, राधाकृष्ण चौहान, बग्गाजी, रिपुल, विकास अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

SP_Singh AURGURU Editor