फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में आगरा से एक और आरोपी गिरफ्तार

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने आगरा के बाह क्षेत्र से प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुंबई ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पहले भी कई आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और पुलिस अब पूरे नेटवर्क व साजिश के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

Apr 16, 2026 - 22:25
 0
फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में आगरा से एक और आरोपी गिरफ्तार
इमेज फोटो

आरोपी को पुलिस अपने साथ मुंबई ले गई, साजिश के तार खुलने के करीब

आगरा। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जांच टीम ने आगरा के बाह क्षेत्र से एक और अहम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को केस की गुत्थी सुलझाने में बड़ा कदम माना जा रहा है।

मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने बाह के अशोक नगर स्थित नई बस्ती पक्की तलैया निवासी प्रदीप कुमार को दबोचा है। उसे आगरा-इटावा रोड पर छदामी मठ के पास से हिरासत में लिया गया। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और आखिरकार लोकेशन ट्रेस होते ही टीम ने सटीक कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि प्रदीप का नाम इस हाई-प्रोफाइल फायरिंग केस में सामने आने के बाद से ही वह जांच एजेंसियों के रडार पर था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उसे मुंबई ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी। इस मामले में पहले ही रितिक, सनी, दीपक, बिष्णु, सनी और गोलू समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फायरिंग के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है और साजिश की जड़ें कहां तक फैली हैं।

स्थानीय पुलिस फिलहाल इस मामले में ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है। कोतवाली प्रभारी सत्यदेव शर्मा के मुताबिक, जांच पूरी तरह मुंबई पुलिस के हाथ में है और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह गिरफ्तारी पूरे साजिश का पर्दाफाश करेगी या कहानी में अभी और मोड़ बाकी हैं।