एक और अपराधी हुआ लंगड़ा, मुठभेड़ में गोली खाकर अस्पताल पहुंचा हत्यारोपी गौरव
आगरा। पुलिस की सख्ती से अपराधियों की अब खैर नहीं। ऑपरेशन लंगड़ा के तहत आगरा पुलिस ने एक और वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। दो दिन पहले युवक की हत्या कर फरार हुआ आरोपी गौरव सिंह पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना खंदौली क्षेत्र की है। एसीपी एत्मादपुर आनंद कुमार पांडे के अनुसार थाना खंदौली क्षेत्र में एक्सप्रेस वे के किनारे नादऊ रोड पर मुखबिर की सूचना पर चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार गौरव सिंह को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को फंसता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।
पुलिस के मुताबिक, गौरव सिंह, गोवर्धन गढ़ी का निवासी है और दो दिन पहले खंदौली क्षेत्र में हुए राजेश गोस्वामी हत्याकांड में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी से मामले की जांच में अहम सुराग मिलने की संभावना है।