बरेली में मौलाना तौकीर रजा के करीबी आरिफ का एक और अवैध तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स जमींदोज

बरेली में उपद्रव के आरोपी मौलाना तौकीर रज़ा के करीबी मोहम्मद आरिफ के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। दो दिनों तक चले बुलडोज़र एक्शन में पीलीभीत रोड स्थित आरिफ का एक और तीन मंजिला अवैध कॉम्प्लेक्स पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।

Nov 23, 2025 - 21:39
Nov 23, 2025 - 21:39
 0
बरेली में मौलाना तौकीर रजा के करीबी आरिफ का एक और अवैध तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स जमींदोज
बरेली में पीलीभीत रोड पर मौलाना तौकीर रजा के करीबी मोहम्मद आरिफ के अवैध कॊम्पलेक्स को तोड़ती जेसीबी।

-आरके सिंह-

बरेली। बरेली प्रशासन ने उपद्रव के आरोपी मौलाना तौकीर रज़ा के नजदीकी मोहम्मद आरिफ की अवैध संपत्तियों पर कड़ा एक्शन लिया है। पीलीभीत रोड स्थित लगभग 2000 वर्ग फुट में बने तीन मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को रविवार को पूरी तरह ढहा दिया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।

कॉम्प्लेक्स में भव्य सैलून, पीटर इंग्लैंड का आउटलेट और कई दुकानें संचालित हो रही थीं। कुछ दिन पहले ही बरेली विकास प्राधिकरण ने इस बिल्डिंग को सील कर दिया था। बीते दो दिनों में पोकलैंड मशीनों द्वारा लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चलती रही।

बीडीए के उपाध्यक्ष बोले- नियम तोड़ने वाले नहीं बचेंगे

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मणिकडन ए. ने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के बने निर्माण को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध निर्माण में लापरवाही बरतने वाले बीडीए के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्रवाई की जद में आएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि आमजन नई बिल्डिंग बायलाज के तहत आवेदन कर अवैधता से बच सकते हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस–पीएसी तैनात रही

ध्वस्तीकरण के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरिफ पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बीडीए द्वारा की गई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर निगरानी बढ़ा दी गई।

शनिवार को भी आरिफ की जगतपुर स्थित दो मंजिला इमारत को बुलडोज़र से गिराया गया था, जिसके बाद रविवार को उसकी दूसरी बड़ी बिल्डिंग को भी ढहा दिया गया।

इमारत गिरते ही उठी धूल, तीस मिनट बाद दिखा मलबा

लगातार चल रहे बुलडोज़र एक्शन के बाद रविवार दोपहर पूरी तीन मंजिला इमारत भरभरा कर गिर पड़ी। इमारत ढहते ही घना धूल गुबार पूरे इलाके में फैल गया। करीब तीस मिनट बाद जब धूल साफ हुई तो वहां सिर्फ मलबे का ढेर बचा था।

SP_Singh AURGURU Editor