ओमान में एक और भारतीय जहाज पर हमला, एमटी जलवीर में आग, शिप पर भारतीय फंसे
ओमान में भारतीय जहाजों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला शिनास बंदरगाह के पास जहाज एमटी जलवीर से जुड़ा है, जिसके इंजन में अचानक आग लग गई।
मस्कट। ओमान के शिनास बंदरगाह के पास जहाज एमटी जलवीर भी हमले का शिकार हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस जहाज पर 20 भारतीय नागरिक सवार हैं। एमटी जलवीर के इंजन में आग लगने की खबर है। एमटी जलवीर के क्रू ने जारी एसओएस मैसेज जारी किया है। सामने आई तस्वीरों में समुद्र के बीच शिप एमटी जलवीर को जलते हुए देखा जा सकता है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर बताया है कि उन्हें गुरुवार (11 जून) को शिनास बंदरगाह के पास एक वेसल से संबंधित घटना की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। बयान के मुताबिक घटना के बारे में और जानकारी के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। फिलहाल घटना के कारणों और संभावित प्रभावों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है।