आज से अटलपुरम में प्लाट खरीदने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित ककुआ-भांडई पर विकसित की जाने वाली वाली अटल पुरम टाउनशिप में आज से बुकिंग शुरू हो गई है। इसका शुभारंभ मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह में किया। बुकिंग आठ सितंबर तक चालू रहेगी। इसके बाद अक्टूबर में पहले चरण के 322 प्लाटों के आवंटन के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।
एडीए की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मौली ने बताया कि टाउनशिप में भूखंडों की बुकिंग ऑनलाइन ही होगी। आवेदन करने वालों की मदद के लिए कार्यालय परिसर में ही एक हेल्प डेस्क गठित कर दी है। उन्होंने बताया कि टाउनशिप के भूखंडों की बुकिंग के लिए आवेदक को उप्र आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की वेबसाइट https://janhit.ipda.in या एडीए की वेबसाइट www.adaagra.org.in पर आवेदन करना होगा। इस कार्य में आवेदक हेल्प डेस्क मदद ले सकते हैं।
दुर्बल आय वर्ग के भूखंडों की खरीद के लिए आवेदक की वार्षिक आय तीन लाख रुपये होनी चाहिए। उसे आवेदन के साथ आय प्रमाण पत्र भी दाखिल करना अनिवार्य होगा। इसी तरह एलआईजी भूखंड खरीद के लिए आवेदक के पास तीन से छह लाख रुपये का आय प्रमाणपत्र होना चाहिए। सामान्य वर्ग के आवेदक को आवेदन करते समय भूखंड की कीमत का दस प्रतिशत और आरक्षित वर्ग को पांच प्रतिशत राशि जमा करनी होगी।
बुकिंग का शुभारंभ करने के बाद मंडलायुक्त सिंह ने कहा कि टाउनशिप आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित की जाएगी। इसमें अंडरग्राउंड यूटिलिटी डक्ट, विद्युत लाइन एवं स्काडा आधारित विशिष्ट सेवाएं आदि होंगी। इस योजना के आवंटियों को उत्तम जीवन शैली के साथ-साथ आधुनिक टाउनशिप मिलेगी तथा पर्यावरण के दृष्टिकोण से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण एवं संचालन कार्य भी कराया जाएग।
अटलपुरम् टाउनशिप के कुल 1430 आवासीय भूखंड, 18 ग्रुप हाउसिंग भूखंड एवं 96 अनावासीय भूखंड जैसे-व्यवसायिक भूखंड, स्वास्थ्य केन्द्र, शैक्षणिक सुविधा, सामुदायिक सुविधाएं, बैंक्वेट हॉल, होटल, डाकघर/बैंक सुविधा के लिए नियोजित किए गए हैं। लेकिन प्रथम चरण में तीन सेक्टरों में केवल तीन 322 प्लाटों का आवंटन किया जा रहा है। योजना की अग्निसुरक्षा व्यवस्था के लिए फायर स्टेशन एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवासीय परिसर के साथ-साथ पुलिस चौकी भूखंड की व्यवस्था भी की गयी है। यह नई टाउनशिप आगरा इनर रिंग रोड़, दक्षिणी बाईपास एवं ग्वालियर रोड़ के जंक्शन पर विकसित की जा रही है।