आर्यन के 103 रन पर भी भारी पड़ा आराध्य का 244 रन का स्कोर, 59 रन से जीता मुकाबला
आगरा। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर खेले गए अंडर-14 क्रिकेट मुकाबले में आराध्य क्रिकेट अकादमी ने सुख जीवन क्रिकेट अकादमी को 59 रनों से हरा दिया। आराध्य ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 244 रन बनाए, जिसके जवाब में सुख जीवन की टीम 33 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई। सुख जीवन के आर्यन ने 103 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आर्यन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आराध्य क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित ओवरों में 244 रन बनाए। टीम की ओर से यशिका ने 59, विराट शर्मा ने 50 और पिहू ने 31 रन की उपयोगी पारियां खेलीं।
सुख जीवन क्रिकेट अकादमी की ओर से निर्भय और नैतिक ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट हासिल किए। इसके बावजूद आराध्य की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुख जीवन क्रिकेट अकादमी की शुरुआत के बाद टीम 33 ओवर में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आर्यन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए, जबकि दानवीर ने 13 रन का योगदान दिया। आर्यन की शतकीय पारी के बावजूद सुख जीवन की टीम लक्ष्य से 59 रन दूर रह गई और आराध्य क्रिकेट अकादमी ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पार्षद अरविंद गौतम, बंटी यादव, विजय ठाकुर और राजेश कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोई, पदाधिकारी, खिलाड़ी और अभिभावक भी उपस्थित रहे।