600 पाकिस्तानी कनेक्शन वाला गिरफ्तार जासूस तुफैल बकरीद पाकिस्तान में मनाने वाला था
वाराणसी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क को तोड़ने में जुटी भारतीय खुफिया एजेंसियों को हर रोज कामयाबी मिल रही है। विगत दिवस वाराणसी के हनुमान फाटक इलाके से मोहम्मद तुफैल नामक युवक को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया था। अब इसके बारे में जानकारी मिल रही है कि यह पाकिस्तान के एक सैन्य अधिकारी और उसकी पत्नी के सीधे संपर्क में था।
सूत्रों के अनुसार, तुफैल के व्हाट्सएप पर 600 से अधिक पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क मिला है। इनमें से एक पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी की पत्नी नफीसा भी शामिल है, जिसके साथ वह घंटों व्हाट्सएप कॉल पर जुड़ा रहता था। यहीं से उसका संपर्क पाकिस्तानी सेना के अधिकारी से भी हुआ।
यूपी की तस्वीरें भेजता था पाकिस्तान
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तुफैल यूपी के विभिन्न संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें नफीसा को भेजता था। खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि पहलगाम आतंकी हमले से ठीक पहले तुफैल की गतिविधियां बहुत बढ़ गई थीं। हालांकि उसने अपने मोबाइल से कई जानकारियां डिलीट कर दी थीं, जिन्हें अब एटीएस टेक्निकल टीम रिकवर कर रही है।
कट्टरपंथ से था प्रभावित
तुफैल पर पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'तहरीक-ए-लब्बैक' के नेता मौलाना शाद रिजवी की कट्टरपंथी तकरीरों का गहरा असर था। वह उनके वीडियो शेयर करता था और खुद को गजवा-ए-हिंद का समर्थक बताता था। यह भी जानकारी मिली है कि तुफैल इस बार बकरीद पाकिस्तान में मनाने की योजना बना चुका था, लेकिन पहलगाम हमले के बाद सतर्क एजेंसियों ने उसका प्लान फेल कर दिया।
बाबरी मुद्दे पर भड़काऊ बातें
उसके मोबाइल से बरामद डाटा में बाबरी मस्जिद को लेकर भड़काऊ संदेश और धार्मिक उकसावे से जुड़े वीडियो मिले हैं। वह बार-बार कहता था, हम मस्जिद की जमीन कैसे छोड़ सकते हैं? तुफैल अपनी तलाकशुदा मां के साथ नाना के घर रहता था और वहीं से मजलिसों के जरिए कट्टरपंथ की ओर झुकाव शुरू हुआ।