आर्य समाज नाई की मंडी का 65वां वार्षिकोत्सव: वेद कथा, भजन और महायज्ञ से गूंजेगा मंदिर परिसर

आगरा। आर्य समाज मंदिर नाई की मंडी की ओर से इस वर्ष 65वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा, संस्कार और वैदिक ज्ञान के वातावरण में आयोजित किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय आयोजन 7 से 9 नवम्बर तक आर्य समाज मंदिर जयपुर हाउस में चलेगा, जिसमें वेद कथा, प्रवचन, भजनोपदेश और 11 कुण्डीय महायज्ञ के साथ आर्य समाज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।

Nov 4, 2025 - 13:36
 0
आर्य समाज नाई की मंडी का 65वां वार्षिकोत्सव: वेद कथा, भजन और महायज्ञ से गूंजेगा मंदिर परिसर

आर्य समाज नाई की मंडी के प्रधान सीए मनोज खुराना ने बताया कि महर्षि दयानंद सरस्वती द्वारा स्थापित आर्य समाज का उद्देश्य वेदों के सच्चे ज्ञान का प्रसार और वैदिक सनातन धर्म की पुनर्स्थापना है। इसी भाव को साकार करने के लिए हर वर्ष की तरह इस बार भी वार्षिकोत्सव में वैदिक अमृत वर्षा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि  यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक जागृति और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। आर्य समाज हमेशा समाज में समानता, शिक्षा और सदाचार के मूल्यों को फैलाने का कार्य करता रहा है।

वैदिक कथा और प्रवचन से गुंजेगा मंदिर परिसर

कार्यक्रम के मुख्य प्रवक्ता आचार्य डॉ. प्रशांत (अलवर) होंगे, जो वैदिक धर्म, संस्कार और आधुनिक समाज में वेदों की प्रासंगिकता पर प्रवचन देंगे। उनके साथ आचार्य स्वदेश जी (मथुरा) भी उपस्थित रहेंगे, जो वेद ज्ञान और नारी उत्थान पर विशेष प्रवचन देंगे।
भजनोपदेशक कंचन कुमार अपने मधुर भजनों से वातावरण को भक्ति और अध्यात्म से सराबोर करेंगी।

11 कुण्डीय महायज्ञ बनेगा मुख्य आकर्षण

मंत्री अनुज आर्य और कोषाध्यक्ष विकास आर्य ने बताया कि वार्षिकोत्सव के दौरान प्रत्येक दिन प्रातः 8 से 9 बजे तक 11 कुण्डीय वैदिक महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों आर्यजन आहुति देंगे। यज्ञ के बाद सामूहिक रूप से ऋषि प्रसाद सेवा का कार्यक्रम होगा, जिसमें सभी भक्तजन भाग लेंगे।

महिला सम्मेलन और समापन समारोह

आयोजन का विशेष आकर्षण 8 नवम्बर की शाम को होने वाला महिला सम्मेलन रहेगा, जिसमें समाज में महिलाओं की भूमिका, शिक्षा और संस्कार विषय पर वक्तव्य दिए जाएंगे। समापन दिवस 9 नवम्बर को वैदिक आशीर्वाद, समाजसेवा के संकल्प और प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।

प्रधान मनोज खुराना ने सभी आर्यजनों, नागरिकों और श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे इस आयोजन में सम्मिलित होकर वैदिक धर्म की शिक्षाओं से अपने जीवन को आलोकित करें।

SP_Singh AURGURU Editor