जनक मंच पर प्रभु राम और माता जानकी के पहुंचते ही गगनभेदी जयकारे, ड्रोन से पुष्पवर्षा
आगरा। जनकपुरी महोत्सव की आध्यात्मिक आभा शुक्रवार रात अपने चरम पर रही, जब प्रभु श्रीराम, माता सीता और भ्राताओं के जनक मंच पर विराजमान होते ही लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जयकारों से गूंज उठी। पुष्प वर्षा, आरती और गगनभेदी नारों के बीच जनकपुरी में ऐसा दृश्य उपस्थित हुआ मानो स्वयं त्रेतायुग उतर आया हो। प्रभु राम मंद मुस्कान के साथ भक्तों पर स्नेह और आशीष बरसाते रहे।
-अपने आराध्य की एक झलक पाने को उमड़ती रही भारी भीड़, नगर भ्रमण में भी उमड़ता रहा जनसैलाब
-प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की स्वरूपों की आरती, प्रो. बघेल, सांसद जैन और अन्य अतिथि भी रहे मौजूद
श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल द्वारा शंखनाद के बाद आज के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने गगनभेदी जयकारों और ड्रोन द्वारा पुष्प वर्षा के बीच जनक मंच पहुंचे प्रभु श्रीराम, उनके अनुज भ्राताओं और माता जानकी की आरती उतारी।
इस दौरान उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विविजय सिंह शाक्य, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, विधायक छोटेलाल वर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने इस मौके पर अपने उदबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सनातन को शिखर पर पहुंचाने के साथ भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने की और अग्रसर हैं, पर यह तभी संभव होगा जब हम सभी राम राज्य की सही परिकल्पना को मिलकर साकार करेंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान राम एक व्यक्ति नहीं, व्यक्तित्व हैं। वह सनातन धर्म, सनातन संस्कृति और आदर्श जीवन का प्रतीक हैं। अगर हम अपने जीवन को उच्चतम आदर्शों पर पहुंचाना चाहते हैं तो हमें भगवान राम की तरह आदर्श जीवन जीना सीखना होगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने स्वागत उद्बोधन दिया। भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विविजय सिंह शाक्य ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की आचार संहिता है।
इससे पूर्व जब प्रभु राम अपने भ्राताओं और माता जानकी के साथ नगर भ्रमण करते हुए जनक मंच के लिए महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से निकले तो मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा, आरती, दर्शन, जयकारों और उनके साथ सेल्फी के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल, रीनेश मित्तल और श्रुति सिन्हा ने संचालन किया। स्वागताध्यक्ष डीडी सिंघल, सर्वव्यवस्था प्रमुख गौरव पोद्दार, महामंत्री उमेश कंसल, सहकोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक, सुरक्षा प्रमुख शशांक तिवारी ने व्यवस्था संभाली।