विधानसभाध्यक्ष महाना ने किया श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में पूजन, यात्रा के बीच लिया आशीर्वाद
लखनऊ से दिल्ली जाते समय उत्तर प्रदेश के विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना रविवार सुबह आगरा में स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने सपत्नीक दर्शन कर गणपति महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आगरा। रविवार प्रातःकाल उत्तर प्रदेश सरकार के वर्तमान विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना अपनी धर्मपत्नी के साथ लखनऊ से दिल्ली की यात्रा के दौरान आगरा छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर पहुंचे। महाना जी ने मंदिर में गणपति महाराज के समक्ष विधि-विधान से पूजन-अर्चना की और परिवार के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा कार्यक्षेत्र में सफलता का आशीर्वाद लिया।
मंदिर में पहुंचने पर संस्थापक एवं एनआरएल ग्रुप के चेयरमैन श्री हरिमोहन गर्ग तथा निदेशक श्री सिद्धांत गर्ग ने पुष्पमालाओं के साथ विधानसभाध्यक्ष महाना का स्वागत किया।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी विधानसभाध्यक्ष के आगमन का स्वागत किया और उनके साथ मंदिर दर्शन का सौभाग्य प्राप्त किया।