अटलपुरम टाउनशिप: सीएम करेंगे शुभारंभ, 29 जुलाई को तय होंगे रेट, अगस्त में बुकिंग शुरू
आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की बहुप्रतीक्षित आवासीय योजना अटलपुरम टाउनशिप की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 36 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एडीए एक नई रेजीडेंशियल स्कीम लेकर आ रहा है, जिसकी लॉन्चिंग के लिए शासन से मुख्यमंत्री की तिथि मांगी गई है। इस योजना के तहत 29 जुलाई को होने वाली बोर्ड मीटिंग में प्लॉट की कीमतें तय कर दी जाएंगी।
138 हेक्टेयर में फैली अटलपुरम टाउनशिप
ककुआ और भांडई क्षेत्र में विकसित की जा रही अटलपुरम टाउनशिप कुल 138 हेक्टेयर भूमि में फैली होगी, जिसमें रेजीडेंशियल और कमर्शियल मिलाकर कुल 4087 भूखंड विकसित किए जाएंगे। पहले चरण में 46 हेक्टेयर भूमि का पंजीकरण रेरा में कर दिया गया है। इसमें लगभग 637 प्लॉट शामिल हैं।
टाउनशिप में प्लॉटों का आवंटन पूरी तरह ऑनलाइन मोड में होगा। योजना का ब्रॉशर भी ऑनलाइन ही उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी कीमत 1100 रुपये होगी। यह राशि रिफंड नहीं होगी। आवेदन करते समय भूखंड की कुल कीमत का 5% अग्रिम के रूप में लिया जाएगा। अगर लॉटरी में नाम नहीं आता है, तो यह राशि वापस की जाएगी।
कम होंगे रेट, तय करेगी समिति
प्लॉट रेट निर्धारित करने के लिए एडीए ने विशेषज्ञों की एक समिति गठित की है, जो रेट तय कर बोर्ड को सुझाव देगी। बोर्ड की अंतिम मुहर के बाद रेट सार्वजनिक किए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक रेजीडेंशियल प्लॉट 25,000 रुपये से 30,000 रुपये प्रति वर्गमीटर, कमर्शियल प्लॉट 35,000 रुपये प्रति वर्गमीटर या अधिक हो सकते हैं। उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली का कहना है कि योजना में प्लॉट की दरें न्यूनतम रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा आम नागरिक इसका लाभ ले सकें।
दो भव्य प्रवेश द्वार और अत्याधुनिक विकास
टाउनशिप में दो प्रवेश द्वार होंगे—एक ग्वालियर रोड पर और दूसरा इनर रिंग रोड से जुड़ेगा। योजना का संपूर्ण विकास खाका बंगलूरू की एक प्रतिष्ठित कंपनी द्वारा तैयार किया जा रहा है। आगामी 10 वर्षों में यह टाउनशिप एक पूर्ण विकसित स्मार्ट टाउन के रूप में तैयार हो जाएगी, जिसमें सड़कों, ग्रीन बेल्ट, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, स्कूल, पार्क, सामुदायिक भवन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अगस्त में लॉन्चिंग, सीएम करेंगे उद्घाटन
एडीए ने योजना की लॉन्चिंग के लिए शासन को 10 से 15 अगस्त के बीच की संभावित तिथियों का प्रस्ताव भेजा है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद योजना की लॉन्चिंग और बुकिंग तिथि तय की जाएगी। योजना के पहले चरण में तीन सेक्टर शामिल हैं। लॉन्चिंग के दिन सबसे पहले सेक्टर-1 की बुकिंग शुरू की जाएगी।