दुस्साहस: सहपऊ के सोबरन की हत्या कर थाने से चंद कदम दूर फेंक गए शव

आगरा । अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं कि वे थाने से महज़ 500 कदम दूरी पर स्थित नर्सरी में एक युवक की हत्या कर शव फेंक गए। पुलिस की टीमें जाँच में जुट गईं हैं।

Oct 19, 2024 - 09:24
Oct 19, 2024 - 10:41
 0
दुस्साहस: सहपऊ  के सोबरन की  हत्या कर थाने से चंद कदम दूर फेंक गए शव
थाना एत्माद्दौला के पास स्थित हरि ओम नर्सरी जहां आज सुबह एक युवक की लाश बरामद हुई।

मामला एतमाद्दुदौला थाना क्षेत्र में स्थित हरीओम नर्सरी का है। यह नर्सरी थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित है। आज सुबह नर्सरी में एक युवक की लाश देखकर नर्सरी मालिक के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि हत्यारों ने युवक के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया है। प्रहार से ही युवक की मौत हुई है। हत्या के बाद मृतक के शव को हत्यारे नर्सरी में पेड़-पौधों के बीच में डालकर भाग निकले हैं। 

घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी हेमंत कुमार सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घटनास्थल पर फ़ोरंसिक की टीम और श्वान दल भी पहुँच चुका है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। युवक की उम्र करीब 30-35 साल की बताई जा रही है। उसकी पहचान सहपऊ के सोबरन के रूप मे हुई है और वह रामबाग पर ही रहकर किसी के यहाँ काम किया करता था। 

वहीं नर्सरी पर सोने वाले युवक का कहना है कि रात एक बजे तक वह जाग रहा था। तब तक वहां कुछ नहीं था। लेकिन सुबह जब सोने के बाद उठा तो उसने देखा कि एक युवक वहां पड़ा हुआ है। जब पास आकर देखा तो उसके सर से काफी खून बह रहा था।

घटना की जानकारी उसने थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस आ गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।।

SP_Singh AURGURU Editor