महिला चोरों का ऑटो गैंग बेनकाब, सोने के आभूषणों की चोरी करने वाली दो अभियुक्ताएं गिरफ्तार
आगरा। ऑटो में यात्रा कर रही महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स से आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का आगरा पुलिस ने खुलासा किया है। थाना सदर बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद की गई है। दोनों अभियुक्ताओं के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2025 को एक महिला ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 5 नवंबर 2025 को वह अपने भाई के घर जाने के लिए राजेश्वर मंदिर के सामने से एक ऑटो में बैठी थी। ऑटो में पहले से दो महिलाएं सवार थीं। सफर के दौरान पीड़िता को किसी तरह की असहजता महसूस नहीं हुई, लेकिन जब वह राजामंडी चुंगी पर उतरकर आगे बढ़ी तो उसे अपने बैग में रखा छोटा पर्स गायब मिला। पर्स में सोने के कीमती आभूषण रखे हुए थे।
शिकायत के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को 4 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों अभियुक्ताओं ने स्वीकार किया कि वे ऑटो में सवार अकेली या बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाती थीं और भीड़ व सफर की अफरा-तफरी का फायदा उठाकर पर्स से आभूषण चोरी कर लेती थीं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों में चार सोने की अंगूठियां, एक चेन, एक मंगलसूत्र और चार चूड़ियां शामिल थीं। इनमें से कुछ आभूषणों को अभियुक्ताओं ने वारदात वाले दिन ही 20 हजार रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने अभियुक्ताओं के कब्जे से एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चूड़ियां और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों महिला अभियुक्ताओं का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी चोरी की घटनाओं में जेल जा चुकी हैं। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।