सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जागरूकता: सहृदय फाउंडेशन का तीसरा टीकाकरण शिविर
महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने की दिशा में सहृदय फाउंडेशन ने एक और कदम बढ़ाया है। आवास विकास कॉलोनी स्थित पीडी कैंसर केयर इंस्टीट्यूट में आयोजित सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम एवं तीसरे निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण शिविर में विशेषज्ञों ने जागरूकता, संतुलित जीवनशैली और समय पर टीकाकरण को इस जानलेवा बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार बताया।
आगरा। सहृदय फाउंडेशन के तत्वावधान में पीडी कैंसर केयर इंस्टीट्यूट, आवास विकास कॉलोनी में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर एवं तीसरा निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डाइटिशियन रेणुका डंग, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वरुण के. अग्रवाल, सहृदय फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष विष्णु शर्मा, सेवानिवृत्त मेजर पूजा सिंह तथा संस्था की सचिव उमा शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डाइटिशियन रेणुका डंग ने कहा कि महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, जागरूक जीवनशैली और नियमित जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को समय रहते जानकारी, सतर्कता और टीकाकरण के माध्यम से पूरी तरह रोका जा सकता है।
डॉ. वरुण के. अग्रवाल ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों और रोकथाम पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण इसका प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण की सभी खुराकें निर्धारित समय पर लेना अनिवार्य है। नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण से महिलाओं और किशोरियों को इस जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है।
सहृदय फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया कि संस्था लंबे समय से घुमंतु परिवारों के शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आयोजित इस तीसरे शिविर में घुमंतु परिवारों की 10 बच्चियों का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण कराया गया।
शिविर में प्रदीप चौधरी, सुमित शर्मा, देव अग्रवाल, जितेंद्र पाराशर सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।