आगरा के अनुयाइयों को बाबा बागेश्वर ने दिया वीडियो संदेश- आगरा आऊंगा और दरबार भी लगाउंगा

आगरा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आज आगरा में होने वाला प्रवचन कार्यक्रम अनहोनी की आशंका के चलते ऐनवक्त पर पुलिस द्वारा अनुमति वापस लिए जाने की वजह से रद्द हुआ था। इससे उनके अनुयायी काफी निराश हो गए। इसके बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक वीडियो संदेश जारी कर आगरा के लोगों से वायदा किया है कि वे फिर से आगरा आएंगे और यहां दरबार भी लगाएंगे।

Sep 6, 2025 - 22:23
 0
आगरा के अनुयाइयों को बाबा बागेश्वर ने दिया वीडियो संदेश- आगरा आऊंगा और दरबार भी लगाउंगा
आगरा में अपने अनुयाई पुष्कल गुप्ता के घर से निकलते समय अनुयाइयों से घिरे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री।

-अनहोनी की आशंका पैदा होने पर पुलिस ने एन मौके पर रद्द कर दी थी बाबा बागेश्वर के कार्यक्रम की अनुमति

बागेश्वर बाबा निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगरा आए तो लेकिन आयोजक पुष्कल गुप्ता के आवास पर कुछ समय रुककर दिल्ली चले गए। इसी दरम्यान उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि हम इस वीडियो के माध्यम से कहना चाह रहे हैं कि आज का जो उत्सव था, वो स्थगित हो गया। हम जल्द ही आगरा आएंगे। कथा सुनाने के लिए दिव्य दरबार भी लगाएंगे। हनुमान जी का चरित्र भी गाएंगे और आप सबसे मिलेंगे। आज ऐसी परिस्थिति हो गई कि हम हैं तो यहीं आगरा में ही हैं। मन कर रहा है कि उड़ कर आ जाऊं…भाग कर आ जाऊं, लेकिन अब वहां बहुत अधिक समुदाय भी है।

इधर पुलिस प्रशासन का कहना था कि परिवर्तित कार्यक्रम स्थल राजदेवम में अधिकतम चार-पांच हजार लोगों के बैठने की जगह थी, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर करीब 20 हजार भक्त पहुंच गए थे। इसके चलते परमिशन रद्द करनी पड़ी। पूर्व में तारघर पर होने वाले कार्यक्रम के लिए आयोजकों द्वारा 20 हज़ार प्रवेश पत्र वितरित किए जा चुके थे। मौसम में बदलाव के चलते तारघर से स्थान परिवर्तित कर राजदेवम किया गया था।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11.30 बजे ही आगरा आ गए थे। वह खंदारी पदम प्राइड अपार्टमेंट में यजमान पुष्कल गुप्ता के आवास पर पहुंचे। उन्हें दोपहर एक बजे मंच पर पहुंचाना था। यहां भक्तों को दो घंटे आशीर्वाद देना था, लेकिन दोपहर 12 बजे ही प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थगित करने का लेटर जारी कर दिया गया।

बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने इसके बाद कारोबारी पुष्कल गुप्ता के आवास से वीडियो जारी कर कहा- सूचना मिली कि बहुत भीड़ पहुंच गई, इसलिए प्रशासन ने अनुमति कैंसिल कर दी। ऐसे में कानून को हाथ में नहीं ले सकते। आपको भी चोट न लगे, आपको कोई परेशानी न हो और धाम पर भी कोई प्रश्नचिह्न खड़ा न हो, इसलिए हम यही प्रार्थना करेंगे कि आप लोग अब परेशान न हों। हम जल्द ही आगरा में दरबार लगाएंगे। उन्होंने 7 नवंबर से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक निकाली जाने वाली पदयात्रा में शामिल होने का भी आव्हान किया।

वह करीब चार घंटे बाद पुष्कल गुप्ता के आवास से करीब साढ़े 3 बजे बाहर निकले। घर के बाहर भक्तों की भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया और कार से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

SP_Singh AURGURU Editor