शुरू हुआ बाबा पृथ्वीनाथ का मेला, सायंकाल से ही उमड़ने लगे शिवभक्त, ट्रैफिक डायवर्ट
आगरा। शाहगंज स्थित बाबा पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में सावन के चौथे सोमवार को लगने वाले मेले की शुरुआत आज पूर्व संध्या पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हो गई। बाबा के दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक के साथ भक्तों का सैलाब मंदिर परिसर में उमड़ने लगा है। इस दौरान शिवभक्तों के जयकारों से मंदिर और आस-पास का क्षेत्र गूंज उठा।
मेले का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, एवं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे द्वारा मंदिर में भोलेनाथ का दुग्घाभिषेक और पूजा के साथ किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर के बाहर सजावटी दुकानें, झूले, खिलौने, और भोग-प्रसाद की दुकानें लग चुकी हैं, जिससे मेले का रंग पूरी तरह धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण में रंग गया है।
ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई
सोमवार को यहां पहुंचने वाले शिवभक्तों की संख्या को देखते हुए भोगीपुरा चौराहे से पृथ्वीनाथ फाटक तक के मार्ग पर ट्रैफिक रोका गया है। वहीं जयपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पथौली पर ही रोककर डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि भक्तों को सुगमता से दर्शन का अवसर मिले और भीड़भाड़ नियंत्रित रह सके।
उपस्थित रहे गणमान्य और आयोजक
इस अवसर पर मंदिर के महंत अजय राजोरिया, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राहुल सागर, महानगर मंत्री नवीन गौतम, पार्षद गौरव शर्मा, मीडिया प्रभारी रोहित कात्याल, सुनील करमचंदानी, दीपक बघेल, मंडल अध्यक्ष देवेश पचौरी, केके भारद्वाज, मंदिर के अन्य पुजारीगण और बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।