अंतिम ओवरों में टूटा बांग्लादेश का सपना, भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की

जिम्बाब्बे में चल रहे अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारतीय युवा टीम ने जुझारू प्रदर्शन करते हुए बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को उसके ही जबड़े से जीत छीन ली। डीएलएस पद्धति से मिले लक्ष्य का पीछा कर रही बांग्लादेशी टीम एक समय आसान स्थिति में थी, लेकिन अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों के प्रहार और वैभव सूर्यवंशी के अद्भुत कैच ने मैच की तस्वीर ही बदल दी।

Jan 17, 2026 - 22:59
 0
अंतिम ओवरों में टूटा बांग्लादेश का सपना, भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की
बांग्लादेश पर जीत के बाद खुशी मनाते भारतीय खिलाड़ी।

मैच में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 238 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। सूर्यवंशी ने 67 गेंदों में 72 रन बनाते हुए आक्रामक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने 112 गेंदों में 80 रनों की संयमित पारी खेलकर पारी को मजबूती दी।

बारिश के कारण मैच दोबारा रोका गया, जिसके बाद डीएलएस पद्धति से बांग्लादेश को 29 ओवरों में 165 रनों का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 21 ओवरों में 2 विकेट खोकर 106 रन बना लिए थे। हाथ में 8 विकेट होने के कारण उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही थी।

यहीं से मैच ने करवट ली। विहान मल्होत्रा ने जैसे ही कलाम सिद्दीकी अलीन को आउट किया, बांग्लादेश की पारी बिखरने लगी। अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाया और बांग्लादेश ने अपने आखिरी 8 विकेट महज 40 रनों के भीतर गंवा दिए। पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 18 रनों से अपने नाम कर लिया।

वैभव सूर्यवंशी का यादगार कैच
मैच का निर्णायक क्षण 26वें ओवर में आया, जब सैमिउन बशीर ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। बाउंड्री पर तैनात वैभव सूर्यवंशी ने हवा में छलांग लगाकर शानदार कैच लपका। मामला थर्ड अंपायर के पास गया और लंबी जांच के बाद बल्लेबाज को आउट करार दिया गया। इस फैसले के साथ ही भारतीय खेमे में जोश और उत्साह की लहर दौड़ गई।

इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी सफलता हासिल कर ली है। इससे पहले टीम इंडिया ने अमेरिका को 6 विकेट से हराया था। दो जीत के साथ भारत अब ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है और खिताब की दौड़ में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor