बरेली धर्मांतरण: 13 राज्यों में नेटवर्क, 200 से ज्यादा मौलाना सक्रिय, दक्षिण भारत तक जुड़े तार

-आरके सिंह- बरेली। बरेली में पकड़े गए धर्मांतरण गिरोह ने पुलिस-खुफिया एजेंसियों के सामने बड़े राज खोले हैं। गिरोह के सरगना अब्दुल मजीद ने कबूल किया है कि 200 से ज्यादा मौलाना इस नेटवर्क का हिस्सा हैं और यह गतिविधियां 13 राज्यों तक फैली हुई हैं। तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों के लैंडलाइन नंबरों से बातचीत का रिकॉर्ड सामने आया है।

Aug 28, 2025 - 13:19
Aug 28, 2025 - 13:20
 0
बरेली धर्मांतरण: 13 राज्यों में नेटवर्क, 200 से ज्यादा मौलाना सक्रिय, दक्षिण भारत तक जुड़े तार

मदरसे में चलता था धर्मांतरण का धंधा
गिरोह का संचालन एक मदरसे से हो रहा था। यहीं बैठकर धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां चलाई जाती थीं। एसपी साउथ अंशिका वर्मा के मुताबिक, गिरोह लैंडलाइन से अलग-अलग नंबरों पर बातचीत करता था ताकि ट्रेस न हो सके। अब मदरसे की पढ़ाई और गतिविधियों की पूरी जांच के आदेश दिए गए हैं।

विदेशी स्कॉलर और कट्टरपंथी साहित्य बरामद
पुलिस ने आरोपियों से धर्मांतरण साहित्य, पाकिस्तानी स्कॉलर्स और कट्टरपंथी मौलानाओं की सीडी बरामद की है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय ग्रुप चलाते थे और भगोड़े जाकिर नाइक के ऑडियो-वीडियो प्रचारित करते थे। इन ग्रुप में समुदाय विशेष की लड़कियों के फोटो-वीडियो भी शेयर किए जाते थे।

पांचवां आरोपी महबूब बेग फरार
गिरोह का दूसरा बड़ा चेहरा महबूब बेग (निवासी रहपुरा, थाना इज्जतनगर) पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है। वह अब्दुल मजीद और अन्य सदस्यों के बीच मध्यस्थ का काम करता था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया। उसके परिजनों और करीबियों की कुंडली भी खंगाली जा रही है।

बैंक खातों और हवाला ट्रांजैक्शन की जांच
अब्दुल मजीद और उसकी पत्नी के पांच बैंक खातों से अब तक 13.20 लाख रुपये से ज्यादा की रकम ट्रेस हुई है। हवाला के जरिये पैसों के लेन-देन की आशंका पर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। खुफिया इकाइयां भी इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए सक्रिय हैं।

नशे के कारोबार से भी जुड़ाव
भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि गिरोह के तार मादक पदार्थों की तस्करी से भी जुड़े हो सकते हैं। जांच में सामने आया है कि कई पुराने तस्कर भी अब्दुल मजीद के संपर्क में थे।

अब तक की जांच में पता चला है कि सरगना अब्दुल मजीद 13 राज्यों की यात्राएं कर वहां गिरोह खड़ा कर चुका है। विदेश यात्राओं का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला, लेकिन एजेंसियां उसके नेटवर्क को खंगाल रही हैं। पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द और गिरफ्तारियां होंगी।

SP_Singh AURGURU Editor