बरेली में नाबालिग बेटी ने ही पिता से 15 लाख की फिरौती की साजिश रच डाली, प्रेमी और उसके दो दोस्त गिरफ्तार, तीन अन्य की तलाश

पढ़ाई के नाम पर किराये के मकान में रह रही एक किशोरी ने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही पिता से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज षड्यंत्र रच डाला। फर्जी अपहरण की यह साज़िश पुलिस जांच में बेनकाब हो गई, जिसके बाद प्रेमी और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Jan 10, 2026 - 13:06
 0
बरेली में नाबालिग बेटी ने ही पिता से 15 लाख की फिरौती की साजिश रच डाली, प्रेमी और उसके दो दोस्त गिरफ्तार, तीन अन्य की तलाश

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। अपहरण का डर दिखाकर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाली किशोरी, उसके प्रेमी और प्रेमी के दो दोस्तों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम तीनों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। जांच में तीन अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि यह मामला अपहरण का नहीं है। किशोरी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर परिवार से रुपये ऐंठने के लिए पूरी योजना बनाई थी। पूछताछ में कई अहम तथ्य सामने आए हैं।

पुलिस जांच में पता चला कि बरेली–पीलीभीत हाईवे स्थित एक पुलिस चौकी के पास किशोरी को ऑटो में बैठाकर प्रेमी का साथी बरेली के सेटेलाइट स्टैंड तक लाया। वहां से किशोरी को उसके प्रेमी के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि दोस्त घर लौट आया। इसके बाद प्रेमी किशोरी को लेकर दिल्ली रवाना हो गया, जहां वह एक होटल में काम करता है। वहीं से प्रेमी के दूसरे साथी ने किशोरी की योजना के अनुसार उसके पिता को फोन कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी।

पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी नवाबगंज में किराये के मकान में रहकर कक्षा 10 की पढ़ाई कर रही थी। तीन वर्ष पहले तक उसके माता-पिता भी उसके साथ रहते थे, लेकिन खेती के कारण वे गांव लौट गए। इसके बाद किशोरी अकेली रहकर पढ़ने लगी।

इसी थाना क्षेत्र के दूसरे गांव गाँच का रहने वाला किशोर और उसके दो दोस्त सनी गंगवार और दीपक नवाबगंज में दीपक के मामा के किराये के मकान में रहते थे। किशोर ने कक्षा 9 में प्रवेश लिया था, लेकिन आठवीं की टीसी न होने पर उसे स्कूल से निकाल दिया गया। बाद में वह दिल्ली चला गया और होटल मन्नत में 10,500 रुपये मासिक पर सफाई कर्मचारी के रूप में काम करने लगा। दीपक अपने मामा के यहां रहता था और सनी भी वहीं रह रहा था। तीनों में गहरी मित्रता थी।

इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से किशोरी और किशोर की पहचान हुई और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। प्रेमी के कारण ही किशोरी की पहचान दीपक और सनी से भी हुई। कुछ समय बाद प्रेमी किशोर ने ऑनलाइन गेमिंग में करीब 60 हजार रुपये गंवा दिए। इसके बाद उसने किशोरी से पूछा कि क्या उसके पिता पैसे दे सकते हैं। किशोरी ने बताया कि पिता उसके लिए 10–12 लाख रुपये तक खर्च कर सकते हैं। यहीं से फर्जी अपहरण की साज़िश रची गई।

योजना के अनुसार किशोरी प्रेमी से मिलने निकली और अपना फोन सनी को दे दिया। दीपक उसे सेटेलाइट स्टैंड तक छोड़कर आया, जहां से प्रेमी उसे लेकर दिल्ली निकल गया। उनके जाने के बाद सनी ने किशोरी के पिता को संदेश भेजकर फिरौती की मांग की। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और पूरी साज़िश का पर्दाफाश हो गया।

पुलिस ने शुक्रवार देर रात प्रेमी और उसके दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor