बरेली बवाल: पुलिस पर पेट्रोल बम फेंकने वाला आरिफ दबोचा, तौकीर के करीबी पार्षद का सहयोगी निकला

बरेली में 26 सितंबर को हुए हिंसक उपद्रव में पुलिस पर पेट्रोल बम फेंकने वाले आरोपी आरिफ को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का सीधा संबंध आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के करीबी पार्षद अनीस सकलैनी से बताया जा रहा है। आरिफ के खिलाफ बीएनएस की दर्जनों गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जो उसकी संलिप्तता और साजिश की गहराई को उजागर करते हैं।

Oct 12, 2025 - 18:16
 0
बरेली बवाल: पुलिस पर पेट्रोल बम फेंकने वाला आरिफ दबोचा, तौकीर के करीबी पार्षद का सहयोगी निकला
बरेली बवाल में पुलिस पर पेट्रोल बम फेंकने का आरोपी आरिफ पुलिस गिरफ्त में।

-आरके सिंह-

बरेली। विगत 26 सितंबर को थाना बारादरी क्षेत्र के शहमत गंज इलाके में हुए बवाल के दौरान पुलिस टीम पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने शनिवार को आरोपी आरिफ पुत्र मुन्ने निवासी हजियापुर को गिरफ्तार कर लिया। यह वही हिंसा थी जो “आई लव मोहम्मद” के पोस्टर लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद भड़काई गई थी। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव, फायरिंग और दुकानों में तोड़फोड़ कर शहर का माहौल बिगाड़ दिया था।

थाना बारादरी के इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि पूछताछ में आरिफ ने स्वीकार किया है कि वह आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के सहयोगी पार्षद अनीस सकलैनी के संपर्क में था। अनीस के कहने पर ही उसने अपने मोहल्ले के युवकों को लेकर आपत्तिजनक नारे लगाते हुए इस्लामिया ग्राउंड की ओर बढ़ने की कोशिश की थी। जब पुलिस ने श्यामगंज चौराहे पर उन्हें रोका तो भीड़ ने पुलिस बैरियर तोड़ते हुए हमला कर दिया। इसी दौरान आरिफ ने पेट्रोल से भरी बोतलें पुलिस बल पर फेंक दीं।

इंस्पेक्टर पांडेय के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह हमला पूर्वनियोजित था और पुलिस पर पेट्रोल बम फेंककर दंगा फैलाने की साजिश रची गई थी। इस संबंध में थाना बारादरी पर उपनिरीक्षक अखिलेश उपाध्याय की तहरीर पर बीएनएस की धाराएं 191(2), 191(3), 190, 125, 115(2), 299, 352, 223, 132, 121(1), 221, 61(2) सहित अनीस सकलैनी व 14 नामजद तथा 100–150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके अलावा प्रभारी निरीक्षक बारादरी की दूसरी रिपोर्ट पर 7 सीएलए एक्ट सहित कई अन्य धाराओं में नदीम पुत्र सराफत उल्ला सहित 28 नामजद व 200–250 अज्ञात उपद्रवियों पर केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने मौके से फायर शुदा कारतूस, ईंट-पत्थर, एसिड बोतल के टुकड़े और चप्पलें बरामद की थीं।

विवेचना में आरिफ की भूमिका पुख्ता होने पर शनिवार शाम उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि अब आरिफ से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि बरेली में दंगा कराने की साजिश कहां से तैयार की गई थी और इसमें किन-किन नेताओं की भूमिका थी।

SP_Singh AURGURU Editor