बरेली में बहू को बचाने आए पिता को बेटे ने चाकू से गोद डाला, शराब के नशे में हत्या की वारदात के बाद आरोपी फरार

-आरके सिंह- बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के तैयतपुर गांव में घरेलू विवाद ने खून का रिश्ता कलंकित कर दिया। शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुत्र वधु को बचाने और बेटे को समझाने पहुंचे पिता की बेटे ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Jul 24, 2026 - 20:44
 0
बरेली में बहू को बचाने आए पिता को बेटे ने चाकू से गोद डाला, शराब के नशे में हत्या की वारदात के बाद आरोपी फरार

पत्नी से विवाद के बाद पिता पर टूट पड़ा बेटा

पुलिस के अनुसार, तैयतपुर गांव निवासी बाबूराम शुक्रवार दोपहर शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर आते ही किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया और उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। घर में शोर सुनकर बाबूराम के पिता रामदीन कोरी (पुत्र जसवंत) मौके पर पहुंचे और बेटे को समझाने का प्रयास किया।

परिजनों का कहना है कि पिता के बीच-बचाव करने से बाबूराम और अधिक आक्रोशित हो गया। उसने घर में रखा चाकू उठाकर अपने पिता पर हमला कर दिया। चाकू के कई वार लगने से रामदीन कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटी हिमांशी ने बताई आंखों देखी घटना

घटना की प्रत्यक्षदर्शी बाबूराम की बेटी हिमांशी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शराब पीकर घर आए थे और उसकी मां के साथ मारपीट कर रहे थे। दादा रामदीन कोरी ने पिता को रोकने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में पिता ने दादा पर चाकू से हमला कर दिया।

बच्ची की आंखों के सामने हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। वारदात के बाद आरोपी बाबूराम घर से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में युवक द्वारा पत्नी से विवाद के दौरान चाकू लगने से वृद्ध पिता की मृत्यु की सूचना मिली है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी बाबूराम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

शराब और घरेलू विवाद बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद और शराब का नशा प्रमुख कारण रहा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी है। पिता की हत्या से परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश और शोक का माहौल है।

SP_Singh AURGURU Editor