बरेली में विधवा को ‘मृत’ दिखाकर पेंशन रोकी, डीएम ने पंचायत सचिव कराया सस्पेंड 

-आरके सिंह- बरेली। भुता ब्लॉक की ग्राम पंचायत अहिरोला में घटित एक शर्मनाक भ्रष्टाचार प्रकरण में विधवा विद्या देवी को मृत घोषित कर उनकी पेंशन रोकने के आरोप में पंचायत सचिव सुमित गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर ने यह कार्रवाई जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर की। जांच में पाया गया कि सचिव ने स्वयं सत्यापन न करके उसे पंचायत सहायक से करवाया, जिसने रिश्वत न मिलने पर विधवा को मृत दर्ज कर दिया।

Nov 8, 2025 - 13:05
 0
बरेली में विधवा को ‘मृत’ दिखाकर पेंशन रोकी, डीएम ने पंचायत सचिव कराया सस्पेंड 

शिकायत पर खुली पोल

डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि ग्राम अहिरोला निवासी विद्या देवी गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचीं और महिला कल्याण विभाग के पेंशन पोर्टल पर खुद को मृत दिखाए जाने की शिकायत की। उन्होंने पूर्व में आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। एडीएम सिटी सौरभ दुबे की जांच में सामने आया कि पंचायत सचिव सुमित गुप्ता ने सत्यापन कार्य खुद करने के बजाय पंचायत सहायक मंजू गंगवार से कराया। मंजू ने लाभार्थी से पैसे की मांग की, और रिश्वत न मिलने पर विद्या देवी को मृत दर्ज कर दिया।

दो बार मांगा जवाब, नहीं दिया स्पष्टीकरण

बीडीओ भुता ने पंचायत सचिव से दो बार लिखित स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। रिपोर्ट आने के बाद डीपीआरओ कमल किशोर ने सुमित गुप्ता को निलंबित कर फरीदपुर ब्लॉक से संबद्ध कर दिया है। वहीं पंचायत सहायक मंजू गंगवार के विरुद्ध ग्राम पंचायत स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच एडीओ पंचायत फरीदपुर को सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि बरेली की तहसील आंवला में बीते सप्ताह पुलिस ने विधवा और वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं में फर्जी प्रमाणपत्रों के ज़रिए करोड़ों रुपये हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस गिरोह में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर कई फर्जी दस्तावेज और सीलें बरामद की गई थीं। अब अहिरोला पंचायत का यह मामला उसी भ्रष्ट तंत्र की एक और परत खोलता दिखाई दे रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor