बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले- यूपी टी-20 से बन रहे आईपीएल स्टार, नीट विवाद पर सरकार को घेरा

आगरा दौरे पर पहुंचे BCCI उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए IPL तक पहुंचने का सबसे बड़ा मंच बन चुकी है। उन्होंने बताया कि 18 खिलाड़ी पहले ही IPL में पहुंच चुके हैं और इस बार 250 खिलाड़ियों की नीलामी होगी। वहीं, रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों को उन्होंने अफवाह बताया। दूसरी ओर, NEET-NTA विवाद पर केंद्र सरकार को घेरते हुए उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की।

Jul 24, 2026 - 19:49
 0
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले- यूपी टी-20 से बन रहे आईपीएल स्टार, नीट विवाद पर सरकार को घेरा
पत्रकारों के सवालों का जबाव देते राजीव शुक्ला।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष बोले- यूपी टी-20 लीग नई प्रतिभाओं के लिए सबसे बड़ा मंच, वहीं परीक्षा व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

आगरा। राज्यसभा सांसद एवं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को आगरा दौरे के दौरान क्रिकेट, महिला खेलों, IPL, रोहित शर्मा के भविष्य और देश में चल रहे नीट-एनटीए विवाद समेत कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश टी-20 लीग आज प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सबसे बड़ा मंच बन चुकी है। वहीं, उन्होंने नीट-एनटीए विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला।

यूपी टी-20 लीग से खिलाड़ियों को मिल रहा बड़ा प्लेटफॉर्म

राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए सुनहरा अवसर लेकर आ रहा है। इस बार लीग के ऑक्शन में करीब 250 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, जिससे कई नए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब तक UPT20 लीग के प्रदर्शन के आधार पर 18 खिलाड़ियों का चयन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में हो चुका है। यही वजह है कि सभी आईपीएल फ्रेंचाइज़ियों के स्काउट्स इस लीग पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

प्रशांत वीर का उदाहरण देकर खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग की सबसे बड़ी सफलता प्रशांत वीर जैसे खिलाड़ियों की कहानी है। उन्होंने बताया कि शानदार प्रदर्शन के बाद आईपीएल ऑक्शन में प्रशांत वीर पर 14.5 करोड़ रुपये की बोली लगी, जो यह साबित करता है कि यह लीग प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बन चुकी है।

स्पीड हंट से तेज गेंदबाजों को मिला नया मौका

उन्होंने बताया कि बीसीसीआई और यूपी क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा चलाए गए स्पीड हंट कार्यक्रम के जरिए तेज गेंदबाजों की खोज की जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत 134 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक औसत गति से गेंदबाजी करने वाले 34 गेंदबाजों को यूपी टी-20 ऑक्शन सूची में शामिल किया गया है। उनका कहना था कि यह पहल प्रदेश के ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को आगे लाने में अहम भूमिका निभा रही है।

फिलहाल लखनऊ और कानपुर में होंगे मुकाबले

यूपी टी-20 लीग के आयोजन को लेकर पूछे गए सवाल पर राजीव शुक्ला ने कहा कि फिलहाल लीग के मुकाबले लखनऊ और कानपुर में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इसके पीछे लॉजिस्टिक कारण बताए और कहा कि भविष्य में अन्य शहरों को भी शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।

महिला क्रिकेट को भी मिलेगी प्राथमिकता

महिला यूपी टी-20 लीग के संबंध में उन्होंने कहा कि BCCI महिला क्रिकेट को लगातार बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने बताया कि जय शाह के नेतृत्व में महिला क्रिकेट के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और भविष्य में महिला UPT20 लीग शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा।

रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों को बताया अफवाह

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर चल रही चर्चाओं पर राजीव शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि रोहित शर्मा टीम का हिस्सा हैं और उनके संन्यास को लेकर चल रही सभी अटकलें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

नीट -एनटीए विवाद पर सरकार पर साधा निशाना

क्रिकेट के अलावा राजीव शुक्ला ने देश में चल रहे नीट -एनटीए विवाद पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब केवल छात्रों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं में भारी आक्रोश है और छात्रों के आंदोलन को देशभर से समर्थन मिल रहा है।

'सरकार बहस चाहती है, समाधान नहीं'

राजीव शुक्ला ने आरोप लगाया कि सरकार केवल संसद में चर्चा की बात कर रही है, लेकिन छात्रों की मुख्य मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा सचिव बदलने से समस्या का समाधान नहीं होगा। यदि परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

पूरी परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

उन्होंने आरोप लगाया कि नई नियुक्तियों पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। उनका कहना था कि देश की पूरी परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजीव शुक्ला ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत का वादा किया था, लेकिन आज शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग है कि पहले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए और उसके बाद संसद में विस्तृत चर्चा हो।