भारत विकास परिषद की निकुंज शाखा ने रचा इतिहास, 13वें शिविर में 1000 यूनिट रक्तदान के साथ बनाया नया कीर्तिमान

आगरा। भारत विकास परिषद निकुंज शाखा ने एक बार फिर समाजसेवा में नया मानक स्थापित कर दिया। कमला नगर स्थित अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित 13वें महा रक्तदान शिविर में परिषद ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 1000 यूनिट रक्त संग्रह कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। यह शिविर विशाल मेले के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।

Feb 22, 2026 - 19:16
 0
भारत विकास परिषद की निकुंज शाखा ने रचा इतिहास, 13वें शिविर में 1000 यूनिट रक्तदान के साथ बनाया नया कीर्तिमान
भारत विकास परिषद की निकुंज शाखा द्वारा रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर की एक झलक। चित्र में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और भाजपा के महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता भी हैं।

दिग्गजों ने किया शुभारम्भ

शिविर का शुभारम्भ केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, लघु उद्योग निगम लिमिटेड अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता तथा पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

रिकॉर्ड तोड़ रक्त संग्रह

संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद सिंघल ने बताया कि परिषद का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। पिछले वर्ष 885 यूनिट रक्तदान के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इस वर्ष 1000 यूनिट रक्त संग्रह कर नया कीर्तिमान बनाया गया। परिषद ने एक हजार यूनिट का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे शहरवासियों के सहयोग से लगभग पूर्ण कर लिया गया।

98 सदस्यों की रणनीति रही सफल

संरक्षक विनय सिंघल एवं सुभाष वर्मा ने बताया कि परिषद के 98 सदस्यों द्वारा प्रत्येक सदस्य के साथ पाँच रक्तदाताओं को जोड़ने की योजना बेहद सफल रही। सुबह नौ बजे से ही रक्तदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। इस वर्ष भी महिलाओं की भागीदारी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रही।

युवाओं की मजबूत भागीदारी

अध्यक्ष राजेश कुमार गर्ग ने बताया कि इस बार पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं की संख्या उल्लेखनीय रही, जो समाज में बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अल्पाहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

थैलेसीमिया व आपातकालीन मरीजों को राहत

एकत्रित किया गया रक्त समर्पण ब्लड बैंक के अध्यक्ष योगेश कंसल को सौंपा गया, ताकि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं आपातकालीन स्थिति में मरीजों की मदद की जा सके। शिविर में रक्तदाताओं के लिए हीमोग्लोबिन जांच, ब्लड ग्रुप जांच तथा मेडिकल किट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर सचिव श्रीभगवान सिंघल, कोषाध्यक्ष सीए प्रवीन गर्ग, नीलम अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक पंकज बंसल, आशीष गर्ग, शैलेश अग्रवाल, कन्हैया गर्ग, दीपक शर्मा, आनंद गुप्ता, कपिल गर्ग, अमित गर्ग, संजय अग्रवाल, रवि अग्रवाल, रितेश गर्ग, सीए विवेक अग्रवाल, अनिल गणपति, रामनिवास सिंघल, डॉ. वीके सिंह, दिलीप गुप्ता, सुरेन्द्र जैन, विष्णु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, दिनेश भाटिया, प्रतीक गर्ग, टीटू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor