भाविप का बलिदान दिवस समारोह: सुरसदन में बाबा सत्यनारायण मौर्य करेंगे लाइव पेंटिंग
आगरा। भारत विकास परिषद जिला आगरा की ओर से आयोजित होने वाला बलिदान दिवस समारोह इस वर्ष एक विशेष रंगों और राष्ट्रभक्ति का संगम लेकर आएगा। परिषद के बैनर तले 22 नवंबर को सुरसदन में आयोजित इस कार्यक्रम को कैप्टन शुभम गुप्ता को समर्पित किया जाएगा।
कार्यक्रम की घोषणा के लिए कमला नगर स्थित टेंप्टेशन रेस्टोरेंट में बैठक आयोजित की गई, जिसका शुभारंभ क्षेत्रीय संरक्षक डॉ. केशवदत्त गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा, प्रांतीय अध्यक्ष उमेश बंसल और राष्ट्रीय संयोजक एडवोकेट बसंत गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
संयोजक प्रमोद सिंघल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश-विदेश में प्रसिद्ध चित्रकार, कार्टूनिस्ट और गीतकार बाबा सत्यनारायण मौर्य होंगे, जो मंच पर कुछ ही सेकंडों में शहीदों की लाइव पेंटिंग बनाकर अपने अद्भुत हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का माध्यम बनेगा, बल्कि युवाओं को देशभक्ति और त्याग की भावना से प्रेरित करेगा।
प्रांतीय गतिविधि संयोजक एड. अखिलेश भटनागर ने बताया कि आयोजन में भारत विकास परिषद की सभी शाखाओं सहित शहर की अनेक सामाजिक संस्थाएं भाग लेंगी। इस अवसर पर सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत, कविताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी।
बैठक का संचालन डॉ. अमित अग्रवाल और सीए विवेक अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. कैलाश सारस्वत, डॉ. हरिनारायण चतुर्वेदी, वीरेंद्र सिंघल, विनय सिंघल, टीटू गोयल, धर्मगोपाल मित्तल, अतुल गुप्ता, मुकेश मित्तल, प्रशांत अग्रवाल, गुंजन, सीए दीपिका, दीपा, संजीव गुप्ता, नीलिमा, सीमा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।