मात्र 10 रुपये में झूलों की सैर कर सकेंगे भोले के भक्त, भ्रष्टाचार मुक्त होगा बल्केश्वर मेला
आगरा। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को आयोजित होने वाले बल्केश्वर महादेव मेले की तैयारियाँ जोरों पर हैं। वर्ष 1958 से जारी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी श्री बल्केश्वर महादेव मेला समिति ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से मेला आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली है। समिति ने मंगलवार को बल्केश्वर स्थित सकारात्मक भवन में प्रेस के समक्ष मेला आमंत्रण पत्र और झूले की दरें जारी कीं।
-बल्केश्वर महादेव मेला समिति ने जारी किया आमंत्रण पत्र, 20 जुलाई को होगा विधिवत शुभारंभ
झूलों की दरें मात्र 10, 20 और 30 रुपये निर्धारित
समिति अध्यक्ष महेश निषाद ने बताया कि भक्तों को इस बार मेले में सस्ती दरों पर झूले उपलब्ध होंगे, ताकि सभी वर्गों के श्रद्धालु मेले का आनंद उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और स्थानीय कार्यकर्ताओं के सहयोग से मेले में किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
भ्रष्टाचार मुक्त आयोजन का संकल्प
पार्षद व मेला संयोजक हरिओम बाबा ने कहा कि मेले को भ्रष्टाचार और अवैध वसूली से मुक्त रखा जाएगा। किसी भी तरह की जबरन वसूली की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
व्यवस्थाओं में कोई कोताही नहीं होगी
समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेंट वाले' ने बताया कि बल्केश्वर क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग पर सफाई, विद्युत, सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन, सिविल डिफेंस, बायो टॉयलेट, शौचालय, खोया-पाया केंद्र, और आवारा पशुओं की रोकथाम सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। पार्वती घाट पर स्नान के लिए विशेष तौर पर नलों की व्यवस्था कराई जाएगी।
20 जुलाई को होगा शुभारंभ, कई जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण
समिति के महामंत्री संजय श्रीवास्तव व ब्रह्मा गुप्ता ने बताया कि मेला का विधिवत शुभारंभ 20 जुलाई, रविवार को दोपहर 2:00 बजे बल्केश्वर चौराहा पर किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे सदस्य
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में समिति के संरक्षक इंदर डावर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. महेश फौजदार, सुरेश बरेजा, बबली जैन, कुमकुम उपाध्याय, ममता सिंघल, आशा अग्रवाल, नीता बत्रा, मुन्नू चौबे, वी.के. मित्तल, मंजीत सिंह, गुरचरण सिंह बेदी, करतार चंद्र शास्त्री, केदार ठाकुर, विशंभरनाथ गोला, पुनीत खंडेलवाल, बंटी भाई, महेश चंद गुप्ता, राजा चौधरी, बृजेश वर्मा, जतिन मंगरानी, प्रथम गोयल, राजकुमार गोयल, उमेश अरोड़ा, उमेश अग्रवाल, हनी मित्तल, अलका परिहार सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।