शराब घोटाले में भूपेश बघेल का बेटा चैतन्य गिरफ्तार, जन्मदिन बना गिरफ्तारी दिवस

रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक हाई-प्रोफाइल मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला राज्य में कथित शराब घोटाले से जुड़ा हुआ है। ईडी की टीम ने धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत छापेमारी के बाद यह गिरफ्तारी की।

Jul 18, 2025 - 21:15
 0
शराब घोटाले में भूपेश बघेल का बेटा चैतन्य गिरफ्तार, जन्मदिन बना गिरफ्तारी दिवस
अपने बेटे चैतन्य बघेल के साथ पूर्व सीएम भूपेश बघेल। फाइल फोटो।

-चैतन्य बघेल को भिलाई स्थित घर से लिया गया हिरासत में, पूर्व सीएम बोले– जन्मदिन का ऐसा तोहफा कोई नहीं देता

विशेष बात यह रही कि जिस दिन चैतन्य को गिरफ्तार किया गया, वह उनका जन्मदिन भी था। ईडी की टीम ने उन्हें दुर्ग जिले के भिलाई स्थित बघेल निवास से हिरासत में लिया, जो पूर्व मुख्यमंत्री और उनके बेटे का साझा आवास है।

ईडी के छापे के दौरान हंगामा

जैसे ही छापे की खबर फैली, कांग्रेस समर्थक बड़ी संख्या में निवास के बाहर एकत्र हो गए। ईडी की टीम जब चैतन्य को ले जा रही थी, तब प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी और गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ानी पड़ी, और मशक्कत के बाद ही ईडी टीम को रास्ता मिल सका।

गौरतलब है कि 10 मार्च को भी ईडी ने चैतन्य बघेल के ठिकानों पर छापेमारी की थी, लेकिन इस बार एजेंसी के हाथ कुछ नए साक्ष्य लगे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का तीखा हमला

अपने बेटे की गिरफ्तारी को लेकर भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तीखा बयान जारी करते हुए कहा जन्मदिन का जैसा तोहफा मोदी और शाह जी देते हैं, वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में और कोई नहीं देता। मेरे जन्मदिन पर मेरे सलाहकार और ओएसडी के घर ईडी भेजी गई थी, और अब चैतन्य के जन्मदिन पर मेरे घर ईडी की रेड। इन तोहफों का धन्यवाद… ताउम्र याद रहेगा।

राजनीतिक घमासान तेज

इस गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में फिर उबाल आ गया है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है, जबकि भाजपा ने मामले की पारदर्शी जांच की वकालत की है।

SP_Singh AURGURU Editor