बरेली में कोडीन युक्त कफ सिरप का बड़ा खेल बेनकाब: एक फर्म पर 97 लाख की अवैध बिक्री उजागर, रिपोर्ट दर्ज

बरेली में कोडीन युक्त कफ सीरप की अवैध बिक्री का बड़ा खुलासा हुआ है। विभागीय छापे में एक्ट्रीम हेल्थ सोल्यूशन द्वारा करीब 97 लाख रुपये के कोडीन सिरप बेचने का मामला सामने आया, जबकि संचालक कोई भी वैध रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। एफएसडीए टीम ने संचालक पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करा दी है।

Dec 4, 2025 - 18:33
 0
बरेली में कोडीन युक्त कफ सिरप का बड़ा खेल बेनकाब: एक फर्म पर 97 लाख की अवैध बिक्री उजागर, रिपोर्ट दर्ज

र-मेश कुमार सिंह-

बरेली। शहर के बाजारों में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का गोरखधंधा एक बार फिर उजागर हुआ है। एक्ट्रीम हेल्थ सोल्यूशन नामक प्रतिष्ठान पर कोडीन युक्त कफ सीरप और अन्य नार्कोटिक दवाओं की गैरकानूनी बिक्री का आरोप साबित होने पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।

छापेमारी में खुली अवैध कारोबार की परतें

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि बरेली के राजेंद्र नगर निवासी राहुल सभरवाल (संचालक एक्ट्रीम हेल्थ सोल्यूशन) के खिलाफ थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बीते माह प्रतिष्ठान पर सघन निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान टीम ने कोडीन युक्त दवाओं की खरीद-बिक्री के अभिलेख मांगे, परंतु संचालक कोई भी वैध रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सका।

62,687 बोतलें, कीमत 97 लाख और बिक्री के बिल शून्य

संचालक ने जांच टीम को बताया कि उसने 62,687 बोतल Rexley-T कोडीन युक्त कफ सीरप, कुल कीमत ₹96,67,475, खरीदा था। लेकिन एक भी बिक्री बिल प्रस्तुत नहीं किया गया। स्टॉक का हिसाब नहीं मिला। दवाएं बाजार में अवैध रूप से बेचने के स्पष्ट प्रमाण मिले।  टीम की जांच के अनुसार, यह पूरा स्टॉक उच्च मुनाफा कमाने के उद्देश्य से काले बाजार में खपाया गया।

बरेली का बाजार बना नशीली दवाओं का अड्डा

एफएसडीए की टीम ने बताया कि बरेली में करीब दो दर्जन दवा कारोबारी कोडीन सिरप, नार्कोटिक्स और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री में संलिप्त हैं। हाल ही में की गई गोपनीय छापामारी में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं।

कोडीन युक्त कफ सीरप पर रोक लगाने के अभियान के दौरान एक्ट्रीम हेल्थ सोल्यूशन का मामला सबसे बड़ा और गंभीर पाया गया। प्रशासन का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor