खेरागढ़ में बड़ा दंगल: पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों के बीच एक राष्ट्र, एक चुनाव की जोरदार जागरूकता
आगरा। विकसित भारत के सपने को साकार करने और देश में एक राष्ट्र, एक चुनाव के जनजागरण अभियान को मजबूती देने के लिए रविवार को खेरागढ़ के मंडी समिति मैदान में भव्य दंगल महोत्सव आयोजित किया गया। यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए उत्सव का माहौल लेकर आया, बल्कि देश के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दे पर आम जनता में जागरूकता फैलाने का भी एक सशक्त माध्यम बना।
-भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने लोगों को समझाया कि क्यों देश में लोकसभा और विधान सभा चुनाव एक साथ होना जरूरी है
इस मौके पर मौजूद मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने मंच से देशवासियों को समझाया कि क्यों लोकसभा और विधानसभा के चुनावों का एक साथ होना देश की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर देश में एक व्यापक चर्चा और बहस का दंगल छिड़ा हुआ है, और यही विचार खेरागढ़ के इस दंगल के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है।
श्री बंसल ने लोगों से अपील की कि वे एक देश एक चुनाव के विचार को और आगे बढ़ाएं ताकि इसके लिए व्यापक जन समर्थन जुट सके। इस मौके पर उन्होंने खेरागढ़ नगर पंचायत के दो वर्षों के विकास कार्यों की पुस्तिका का विमोचन भी किया।
सांसद राज कुमार चाहर ने भी एक देश एक चुनाव की वकालत करते हुए समझाया कि सभी चुनाव एक साथ होने के क्या फायदे होंगे।
भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह शाक्य सहित कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित रहे। आयोजन के आयोजक और दंगल समिति के अध्यक्ष, खेरागढ़ के चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि यह दंगल महोत्सव सिर्फ खेल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का भी प्रभावी जरिया है।
महोत्सव के दौरान नेपाल से आए प्रसिद्ध पहलवान देवा थापा, भारत केसरी हरिकेश पहलवान, महिला पहलवान गामिनी चाहर समेत कई राज्यों के नामी पहलवानों ने कुल लगभग 200 मुकाबले लड़े। अखाड़े में रोमांचक कुश्ती देखने के लिए हजारों दर्शक मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग की सुविधाएं विशेष रूप से दुरुस्त की गई थीं।
पूर्व ओलंपियन और अर्जुन अवॉर्डी जगबीर सिंह ने भी पहलवानों को जोश और हिम्मत से भर दिया। अंत में विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया और एक राष्ट्र, एक चुनाव के समर्थन में जनता से व्यापक समर्थन का आह्वान किया गया।