जन्मदिन पर विकास की सौगात, पशुधन मंत्री ने आंवला को दिए 4.73 करोड़ के 27 कार्य
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। यूपी के पशुधन मंत्री धर्म पाल सिंह ने अपने जन्मदिन को जनसेवा और विकास के संकल्प के रूप में मनाते हुए अपने निर्वाचन क्षेत्र आंवला को 4.73 करोड़ रुपये की लागत के 27 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। जन्मदिन के अवसर पर विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, वहीं जरूरतमंदों को कंबल वितरण, खिचड़ी भोज और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। आंवला में इस मौके पर प्रदेश और केंद्र के कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद, विधायक तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि पहुंचे।
पशुधन मंत्री के जन्मदिवस पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, सांसद साक्षी महाराज, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, कैलाश चैरिटेबल ट्रस्ट के एमडी संजय पांडेय सहित क्षेत्र के लगभग बीस विधायक एवं मंत्री आंवला पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मंत्री का जन्म वर्ष 1953 में हुआ था।
इस अवसर पर पशुधन मंत्री ने आंवला क्षेत्र के लिए 27 विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उद्योग, सड़क, पुल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि तीन कारखानों की स्थापना, रामगंगा नदी पर तीन पुल, प्रत्येक गांव तक सड़क, तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में रहा है।
मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से ही वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें दूसरे क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव मिला, लेकिन उन्हें अपने आंवला के लोगों पर इतना विश्वास है कि उन्होंने कभी यह क्षेत्र नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि जब मैंने आपको नहीं छोड़ा, तो आप भी मुझे न छोड़ें, यही मेरे लिए सबसे बड़ा जन्मदिन का आशीर्वाद है।
जन्मदिन समारोह के दौरान जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, सभी के लिए खिचड़ी भोज आयोजित हुआ तथा निरामया अस्पताल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
समारोह में प्रमुख रूप से कुंवर महाराज सिंह, देवकीनंदन, बिरजू महाराज, आदेश प्रताप सिंह, रविन्द्र सिंह राठौर, वीरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह, डॉ. दुष्यंत सिंह, प्रशांत सिंह, बॉबी अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह लोधी, डॉ. मान सिंह, अंकुर राजपूत, पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना, प्रभाकर शर्मा, ऊषा सतीजा, बीना रस्तोगी, मीना मौर्य, डॉ. के.पी. सिंह, राकेश मोहन त्यागी, राम निवास मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।