सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा आयोजित करेगी यूनिटी मार्च समेत कई और कार्यक्रम

आगरा। भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में ‘सरदार @150 यूनिटी मार्च’ के तहत एकता और राष्ट्र समर्पण के कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू करने जा रही है।

Oct 26, 2025 - 18:15
 0
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा आयोजित करेगी यूनिटी मार्च समेत कई और कार्यक्रम
भाजपा कार्यालय पर सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, भाजपा के जिला व नगर अध्यक्ष, विधायकगण आदि।

रविवार को भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पत्रकारों को यह जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने दी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का विशेष वर्ष है। इस अवसर पर भाजपा पूरे देश में 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक ‘सरदार @150 यूनिटी मार्च’ आयोजित करेगी।

अभियान के तहत हर लोकसभा क्षेत्रों में पदयात्रा, भाजपा युवा मोर्चा द्वारा रोड यात्रा और राष्ट्रीय पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय पदयात्रा सरदार पटेल के जन्मस्थान करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया) तक लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

रन फॉर यूनिटी से होगा आगाज

आगरा सहित सभी जिलों में 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि देंगे, जिसके बाद एकता दौड़ का आयोजन होगा। इस दौड़ में स्पोर्ट्स कॉलेजों के छात्र, स्थानीय खिलाड़ी और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही हर बूथ पर सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया जाएगा।

विद्यालयों में भी होंगी प्रतियोगिताएं

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत शहर के विद्यालयों, पार्कों और शैक्षिक संस्थानों में मानव श्रृंखला, निबंध लेखन, भाषण, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन सभी आयोजनों में सांसद, विधायक, मेयर, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

इस दौरान भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, विधायक रानी पक्षपालिका सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, विधायक छोटे लाल वर्मा, प्रदीप भाटी, रश्मि धाकड़, संतोष कटारा, उमा शंकर माहौर, आशीष पाराशर, अनिल सारस्वत, रोहित कत्याल और गौरव सोलंकी आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor