भाजपा की तिरंगा यात्रा पहुंचेगी हर विधानसभा क्षेत्र तक, अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर विशेष अभियान
आगरा। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी देश भर में राष्ट्रभक्ति की भावना को और व्यापक बनाने में जुट गई है। पार्टी ने तिरंगा यात्रा को अब विधानसभा क्षेत्र और मंडल स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 21 मई से 31 मई तक महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को प्रदेश भर में भव्य रूप से मनाया जाएगा।
भाजपा ने 13 मई को दिल्ली से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की थी। उसके बाद राज्यों की राजधानियों में यह यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री से लेकर वरिष्ठ नेता तक शामिल हुए। बुधवार को कमिश्नरी मुख्यालयों में यात्रा निकाली गई और अब 16 से 18 मई तक जिलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा। इसके उपरांत, विधानसभा और मंडल स्तर पर भी यात्राएं निकालने की योजना बनी है।
अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह
भाजपा नेतृत्व ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर की विरासत को आम जनमानस तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। 21 से 31 मई तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में गोष्ठियां, महिला दौड़, सांस्कृतिक आयोजन और संवाद शामिल होंगे। प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में यह आयोजन होंगे।
कार्यक्रमों के माध्यम से जनसामान्य को बताया जाएगा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने कठिन परिस्थितियों में कैसे काशी समेत कई मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया और मुगल आक्रमणों से भारतीय संस्कृति की रक्षा की। पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकारी आयोजनों में भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।