पीएम मोदी के जन्मदिन से भाजपा का महीनेभर का मेगा अभियान, बूथ-बूथ पहुंचेगा ‘सेवा संकल्प’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को केंद्र में रखकर आगरा भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत लाभार्थियों के घर ‘आशीर्वाद दीपक’ जलाने से होगी। इसके अलावा चित्रकला-भाषण प्रतियोगिता, नमो सेवा गाथा, आंगन उत्सव, सेवा सेतु, सेवा ज्योति यात्रा, 25 वर्ष-25 सेवा कार्य, पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन और जनसेवा महाकुंभ समेत कई कार्यक्रम होंगे। भाजपा ने अभियान को बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक ले जाने की रणनीति बनाई है।

Sep 7, 2026 - 20:32
 0
पीएम मोदी के जन्मदिन से भाजपा का महीनेभर का मेगा अभियान, बूथ-बूथ पहुंचेगा ‘सेवा संकल्प’
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता का स्वागत करते जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां।

 आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी आगरा में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसे जिले से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक ले जाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आगरा जिले और आगरा महानगर की अलग-अलग कार्यशालाओं में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिले की कार्यशाला का आयोजन चाणक्य भवन, बालूगंज में हुआ, जबकि आगरा महानगर की कार्यशाला जयपुर हाउस स्थित ब्रज क्षेत्र कार्यालय में आयोजित की गई। दोनों कार्यशालाओं में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदोरिया विशिष्ट अतिथि रहीं और अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने की। वहीं महानगर की कार्यशाला में महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और विधायक धर्मपाल सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

हर बूथ तक पहुंचेगा सेवा संकल्प

कार्यशालाओं में बताया गया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, राष्ट्रनिर्माण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा ने अभियान को केवल पार्टी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे विभिन्न सामाजिक और जनसेवा गतिविधियों से जोड़ने की रणनीति बनाई है। प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू होने वाले इस अभियान को हर बूथ और शक्ति केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ता योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग करेंगे।

17 सितंबर को लाभार्थियों के घर जलेंगे ‘आशीर्वाद दीपक’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीपक जलाएंगे और उनसे संवाद करेंगे। इसके अलावा सरकारी और निजी कॉलेजों में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्य और विकसित भारत की संकल्पना पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

‘नमो सेवा गाथा’ से ‘आंगन उत्सव’ तक होंगे कार्यक्रम

अभियान में कई अलग-अलग कार्यक्रमों को शामिल किया गया है। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 2 अक्टूबर को प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। वहीं ‘आंगन उत्सव’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और बच्चों की माताओं को आमंत्रित कर सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत तक’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘जनसेवा महाकुंभ’, इनोवेशन चैलेंज और पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।

हर कार्यकर्ता करेगा एक सेवा कार्य

आलोक गुप्ता ने बताया कि ‘25 वर्ष, 25 सेवा कार्य’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता एक सेवा कार्य का चयन करेगा और विधानसभा स्तर पर उसे पूरा करने का प्रयास करेगा। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु’ के तहत शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं से वंचित जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जाएगी। पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन के जरिए जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर रहेगा। जिला स्तर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। वहीं बड़नगर से वाराणसी तक ‘जल, जन और सेवा यात्रा’ प्रस्तावित है। ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ के जरिए पंचायत से लेकर संसद तक जनसंपर्क का संदेश पहुंचाने की योजना है।

अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का दावा

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि महानगर कार्यकारिणी, सभी मंडल, शक्ति केंद्र, मोर्चे, विभाग और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता अभियान को पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर अंतिम पायदान पर खड़े लोगों से संवाद कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाएंगे।

जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ जुटने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदोरिया ने कहा कि सेवा कार्य भारतीय संस्कृति और भाजपा की कार्यपद्धति का अभिन्न हिस्सा हैं। सेवा संकल्प अभियान के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनकल्याणकारी कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यशालाओं में सत्यदेव दुबे, सत्य प्रकाश लोधी, हरिओम रावत, संतोष सिकरवार, चौधरी तपेश जैन, उमाशंकर माहौर, शिवकुमार, नीरज परमार, मुकेश चाहर, मनीष थापक, अंबुज द्विवेदी, मानवेंद्र राठौर, वीरपाल माहुरा, सतीश त्यागी, गौरव सोलंकी, अरविंद पाराशर, राहुल पाराशर, हीरा सिंह, पंकज कटारा, नरेश शर्मा, राम चौधरी, अशोक चाहर सहित बड़ी संख्या में जिला एवं महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।