मदरा के मुद्दे पर भाकियू का चक्का जाम पुलिस आयुक्त के दखल के बाद टल गया

आगरा। बमरौली कटारा क्षेत्र के मदरा गांव में बीते दिनों टोरंट पॊवर के नेटवर्क सुधार और ग्रुप मीटर लगाए जाने के दौरान हुए बवाल को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने तेवर दिखाए हैं। यूनियन ने इस मुद्दे पर चक्का जाम की चेतावनी दी तो पुलिस आयुक्त ने यूनियन के डेलीगेशन को वार्ता के लिए बुला लिया। यूनियन ने जो मांगें रखी हैं, उस पर अब आगामी 25 जून को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में विचार किया जाएगा।

Jun 23, 2025 - 20:36
Jun 23, 2025 - 22:16
 0
मदरा के मुद्दे पर भाकियू का चक्का जाम पुलिस आयुक्त के दखल के बाद टल गया
पुलिस आयुक्त से वार्ता करने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का प्रतिनिधमंडल।  

-यूनियन का दावा- पुलिस आयुक्त ने केवल चिह्नित लोगों पर जमानती धाराओं में कार्रवाई का दिया है भरोसा

-टोरंट पॊवर द्वारा लगाए गए ग्रुप मीटर के मुद्दे परप 25 जून को डीएम की अध्यक्षता में होगी निर्णायक बैठक

यूनियन ने इस मामले पर रमाडा क्रॊसिंग पर चक्का जाम का ऐलान किया था। पुलिस आयुक्त का संदेश मिलने के बाद किसान पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। पुलिस आयुक्त के आवास पर उच्चस्तरीय वार्ता हुई, जिसमें किसान नेताओं के अलावा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

वार्ता में इस बात पर सहमति बनी कि मदरा के किसी भी निर्दोष ग्रामीण को परेशान नहीं किया जाएगा। महिलाओं के नाम मुकदमे से हटा दिए जाएंगे और केवल वीडियो में स्पष्ट रूप से चिन्हित लोगों पर ही जमानती धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

कल रात की बैठक के बाद आज फिर पुलिस आयुक्त कार्यालय में किसान नेताओं, प्रशासनिक अफसरों और टोरेंट अधिकारियों के साथ एक और बैठक हुई, जिसमें किसान नेताओं ने मांग रखी कि मदरा गांव में लगाए गए ग्रुप मीटर हटाए जाएं। बिजली चोरी के केस और असेसमेंट होंगे रद्द किए जाएं। उखाड़े गए मीटर वापस लगाए जाएंगे, बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। 

पुलिस कमिश्नर की मौजूदगी में भाकियू नेताओं से हुई बातचीत के बारे में टोरेंट पॊवर के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि अच्छे माहौल में बातचीत हुई है। अगली मीटिंग जिलाधिकारी के साथ अति शीघ्र की जाएगीl

विवाद के समाधान के लिए 25 जून को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक तय हुई है, जिसमें टोरेंट पावर से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा होगी।

पुलिस प्रशासन रहा सतर्क

किसानों के चक्का जाम की चेतावनी के बाद संभावित टकराव को देखते हुए रामाडा क्रॉसिंग से बमरौली कटारा तक क्षेत्र में कई थानों की फोर्स, पीएसी, जेसीबी, हाइड्रा आदि तैनात की गई थी, लेकिन वार्ता के सफल रहने से आंदोलन टल गया।

बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग

पुलिस कमिश्नर, अपर पुलिस आयुक्त रामबरन सिंह, डीसीपी अली अब्बास सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं यूनियन के राष्ट्रीय सचिव ओमपाल तालान, प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर, जिलाध्यक्ष राजवीर लवानियां समेत करीब 50 से अधिक किसान नेता शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor