बरेली उपद्रव का ‘ब्लैक बॉक्स’ खुला: मौलाना तौकीर रजा समेत 38 आरोपियों पर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल, पुलिस ने पेश किए ठोस साक्ष्य
विगत 26 सितंबर को बरेली में भड़के उपद्रव के मास्टरमाइंड बताए जा रहे इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा और उनके करीबी नफीस सहित 38 आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाना पुलिस ने चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। शहर में पुलिस पर पेट्रोल बम, पथराव, फायरिंग और हथियार लूट की संगठित वारदातों के बाद से चल रही जांच में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। बाकी नौ मुकदमों की विवेचना तेज़ी से जारी है और सभी पहचान किए गए आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया भी गति पर है।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। शहर में 26 सितंबर 2025 को भड़के बड़े उपद्रव के मामले में पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा, महासचिव नफीस और उसके बेटे फरहान समेत 38 उपद्रवियों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में पुलिस लंबे समय से साक्ष्य जुटा रही थी। शनिवार को विवेचक ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ मजबूत सबूतों के आधार पर आरोप पत्र कोर्ट में प्रस्तुत किया।
कानपुर पोस्टर विवाद की आड़ में हुआ था उपद्रव
26 सितंबर को ‘आइ लव मुहम्मद’ पोस्टर विवाद के बाद शहर में तनाव बढ़ा था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद को हवा देते हुए मौलाना तौकीर रजा ने उपद्रव भड़काने में सक्रिय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में भीड़ विभिन्न स्थानों पर एकत्र हुई और अचानक माहौल हिंसक हो गया।
पेट्रोल बम, पथराव, फायरिंगः पुलिस पर खुला हमला
उपद्रवियों ने कई जगह पुलिस पर पेट्रोल बम फेंके, पथराव किया और फायरिंग भी की। हालात इतने बेकाबू हुए कि एक पुलिसकर्मी से वायरस गन और एंटी-राइट गन तक लूट ली गई। करीब दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल होकर अस्पताल पहुंचे।
एक ही रात में पांच थानों में 10 मुकदमे दर्ज
उपद्रव के बाद कोतवाली, बारादरी, प्रेमनगर, कैंट और किला थाने में कुल 10 मुकदमे दर्ज हुए। कोतवाली और बारादरी के दो संवेदनशील मामलों की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंपी जा चुकी है। एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार श्यामगंज चौकी इंचार्ज अखिलेश शर्मा की ओर से दर्ज कराए गए एक अन्य मुकदमे की जांच भी महत्वपूर्ण थी।
नए नाम आए सामने, विवेचना में कुल 55 संदिग्ध चिन्हित
प्रारंभ में 19 लोग नामजद किए गए थे। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने 55 नए नाम पहचान लिए। इनमें से 38 के खिलाफ अब चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य बोले- निर्दोष परेशान नहीं होगा, दोषी बच नहीं पाएगा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि चार्जशीट दायर हो चुकी है। अज्ञात आरोपियों की पहचान जारी है। सभी चिन्हित आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी। किसी निर्दोष को परेशान न करने का स्पष्ट निर्देश दिए गये हैं।
मौलाना तौकीर फिलहाल फतेहगढ़ जेल में बंद है, जबकि नफीस सहित 90 आरोपित बरेली जेल में हैं।
चार्जशीट में शामिल प्रमुख आरोपी
मौलाना तौकीर रजा, नफीस, फरहान खां, शमशाद, मोईन सिद्दीकी उर्फ चोटी कटवा, कलीम, मोबीन, अनीस सकलैनी, फैजुल नबी, अरशद, फरहत खां, मोईन अली, मुहम्मद आजम, उमेद, मुस्तकीम, अरबाज, नाजिम रजा खान, मोहसिन, शाकिब, रफीक, जैनुल, तौहीन, फैसल, सुबहान, हजियापुर निवासी एक बाल अपचारी, ताजिम, शान, मुहम्मद नदीम, रिजवान, अमान हुसैन, इदरीश, इकबाल, नदीम, आरिफ, शफीले, मुनीर इदरीसी और अफजल बेग आदि को चार्जशीट में प्रमुख आरोपी बनाया गया है।
यह चार्जशीट उपद्रव के मामले में अब तक की सबसे बड़ी कानूनी कार्रवाई है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस कई अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।