आगरा में वाइन शॉप के बाहर खूनखराबा, मामूली विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत नाजुक
आगरा में राजीव टॉकीज के सामने राजन वाइन शॉप के बाहर साइड विवाद में टीटू वर्मा पर धारदार हथियार से हमला किया गया। चेहरे पर गंभीर चोट लगने से वह ICU में भर्ती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा में बुधवार देर रात एक मामूली साइड विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना राजीव टॉकीज के सामने स्थित राजन वाइन शॉप के बाहर की है, जहां दो युवकों के बीच कहासुनी ने खूनखराबे का रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक टीटू वर्मा नामक युवक का आशीष शर्मा उर्फ़ चिन्टू से साइड को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि आरोप है आशीष शर्मा ने गुस्से में आकर तेज धारदार हथियार से टीटू पर हमला कर दिया।
हमले में टीटू वर्मा के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं वाइन शॉप के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।