आगरा में काल भैरव मंदिर के पास दो गुटों में खूनी संघर्ष, बेल्ट–लात-घूंसे चले

आगरा। आगरा के ताजगंज क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर के पास रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट इतनी उग्र थी कि मौके पर बेल्ट, लात-घूंसे और हाथापाई खुलकर देखने को मिली।

Jan 4, 2026 - 19:27
 0
आगरा में काल भैरव मंदिर के पास दो गुटों में खूनी संघर्ष, बेल्ट–लात-घूंसे चले
आपस में मारपीट करते युवक।

ताजगंज में कानून-व्यवस्था पर सवाल, वायरल वीडियो से मची खलबली 

आगरा। आगरा के ताजगंज क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर के पास रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट इतनी उग्र थी कि मौके पर बेल्ट, लात-घूंसे और हाथापाई खुलकर देखने को मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक शुरू हुआ और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट काफी देर तक चलती रही, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि मौके पर कोई भी पुलिसकर्मी तत्काल मौजूद नहीं था।

मारपीट में कई युवक घायल

मारपीट के दौरान कई लड़कों को चोटें आईं। कुछ को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। घायल युवक इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

हजारों श्रद्धालु, फिर भी सुरक्षा नदारद

रविवार के दिन काल भैरव मंदिर में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, बावजूद इसके मंदिर परिसर और आसपास कोई पुख्ता पुलिस व्यवस्था नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं। श्रद्धालुओं के बीच हुई इस मारपीट से लोग भयभीत नजर आए।

वीडियो वायरल, पुलिस हरकत में

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक एक-दूसरे पर बेल्ट और मुक्कों से हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच की बात कही जा रही है।

कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल

भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल के पास इस तरह की घटना ने ताजगंज क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस मौजूद होती, तो हालात इतने बिगड़ते नहीं।