आगरा के नगला पदी में खूनी विवाद: आधी रात में हलवाई गणेश वर्मा की चाकू घोंपकर हत्या, पड़ोसी दंपति हिरासत में
आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला पदी में देर रात मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी युवक ने चाकू से हमला कर हलवाई गणेश वर्मा की हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल गणेश वर्मा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी जीतू और उसकी पत्नी राधा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रात एक बजे शुरू हुआ विवाद, बन गया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मध्य प्रदेश निवासी गणेश वर्मा नगला पदी में किराए पर रहकर हलवाई का काम करता था। मंगलवार देर रात करीब एक बजे उनका पड़ोसी जीतू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि जीतू ने चाकू निकालकर गणेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल गणेश वर्मा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
आरोपी दंपति हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी जीतू और उसकी पत्नी राधा को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इस वारदात के बाद नगला पदी इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद में इस तरह की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।