आगरा में यमुना ब्रिज के पास नदी में मिला अहमदाबाद के भावेश जोशी का शव, हत्या या आत्महत्या?
आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित यमुना ब्रिज के पास एक शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो चुकी थी। मृतक की पहचान भावेश जोशी, निवासी अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है।
मौके से बरामद आधार कार्ड के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष है। पुलिस को संदेह है कि यह मामला सुसाइड का भी हो सकता है या फिर किसी ने उसकी मर्डर कर शव को यमुना में फेंक दिया हो। फिलहाल, पुलिस जांच के दोनों पहलुओं पर गंभीरता से काम कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव को सबसे पहले कुछ लोगों ने यमुना किनारे देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार के बारे में जानकारी जुटाकर सूचना देने की कोशिशें भी की जा रही हैं।
थाना एत्माद्दौला प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के पिछले रिकॉर्ड और आगरा आने के उद्देश्य की भी जानकारी जुटा रही है।