आगरा के पिनाहट क्षेत्र में तालाब से निकाला गया अधेड का शव, संदिग्ध हालात में गिरने से हुई मौत
आगरा। पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव अर्जुनपुरा में संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में गिरने से 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि अधेड़ नशे की हालत में तालाब में गिर गया था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मोहन पुत्र रामदीन, उम्र 41 वर्ष, निवासी गांव अर्जुनपुरा थाना पिनाहट आगरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहन संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में गिर गया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिनाहट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तालाब में युवक की तलाश शुरू कराई।
काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने मोहन को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता के लिए ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में तालाब में गिरा। प्रारंभिक जांच में नशे की हालत में तालाब में गिरने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।