भरोसे में सेंधः कारीगर आगरा के डेढ़ सौ सराफा कारोबारियों का पांच करोड़ का सोना लेकर फरार

आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र में सोने की चमक के पीछे छिपे एक गहरे विश्वासघात ने आगरा के सराफा कारोबारियों को हिला कर रख दिया है। पश्चिम बंगाल का रहने वाला एक अनुभवी कारीगर, जो वर्षों से आगरा के शाहगंज, लोहामंडी, सिकंदरा और एमजी रोड के सैकड़ों सराफा कारोबारियों के लिए आभूषण बनाता आ रहा था, पांच करोड़ से भी अधिक की ठगी कर शहर से गायब हो गया।

May 18, 2025 - 22:07
 0
भरोसे में सेंधः कारीगर आगरा के डेढ़ सौ सराफा कारोबारियों का पांच करोड़ का सोना लेकर फरार

-पुलिस ने कारीगर की पत्नी को पकड़ा तो पता चला कि ठग साउथ अफ्रीका में जा पहुंचा है

कारीगर पर था आंख मूंदकर भरोसा
भापी नामक यह कारीगर स्थानीय बाजार में इतनी साख बना चुका था कि कारोबारी उससे बिना कोई रसीद या लिखा-पढ़ी के लाखों का सोना और नगदी सौंप देते थे। कई बार तो जीएसटी सर्वे से बचने के लिए भी लोग उससे ऑफ द रिकॉर्ड काम कराते थे, लेकिन कोई नहीं जानता था कि यह भरोसा एक दिन बवंडर बन जाएगा।

बीस दिन पहले उड़ा भरोसा
करीब बीस दिन पहले जब व्यापारी उसके पास अपना माल लेने पहुंचे तो भापी नदारद मिला। इसी के साथ सराफा कारोबारियों की की धड़कनें थम गईं। किसी भी कारोबारी को भनक नहीं लगी और भापी सारे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि वह अब साउथ अफ्रीका में छिपा हुआ है।

पत्नी से खुलासा: ऑनलाइन लॉटरी में उड़ा डाला सब कुछ
सराफा कारोबारियों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुजरात से भापी की पत्नी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि भापी ऑनलाइन लॉटरी में लाखों रुपये हार चुका था और कर्ज के दबाव में यह पूरी ठगी रची।

अब व्यापारी जोड़ रहे हैं अपने-अपने नुकसान का हिसाब
करीब 150 कारोबारी इस ठगी के शिकार बताए जा रहे हैं, लेकिन अधिकांश अभी सामने नहीं आ रहे। वजह वही, बिना दस्तावेजों के हुआ लेन-देन। कुछ व्यापारियों के अनुसार, भापी के पास एक-एक दुकान से 20 से 25 लाख का सोना पड़ा था। अगर यह बात सही निकली तो ठगी की रकम पांच करोड़ से कहीं अधिक हो सकती है।

SP_Singh AURGURU Editor