आगरा में बोले बृजेश पाठक- 2017 से पहले यूपी में ‘पकड़’ चलती थी, राज्य में अब कानून का राज

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि 2017 से पहले राज्य में गुंडों-माफियाओं की पकड़ हावी थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और कानून का राज स्थापित हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि बेटियां आधी रात को भी सुरक्षित घर लौट सकती हैं और राज्य माफिया-मुक्त होकर विकास के रास्ते पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

Nov 19, 2025 - 19:24
 0
आगरा में बोले बृजेश पाठक- 2017 से पहले यूपी में ‘पकड़’ चलती थी, राज्य में अब कानून का राज
आगरा दक्षिण में बुधवार को निकाली गई एकता यात्रा के दौरान नूरी दरवाजा में सभा को संबोधित करते यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक।

आगरा। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पकड़ होती थीं। गुंडे और माफिया गायब हो गए। यूपी में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया बना दिया था। बिहार में पूरा कुनबा एकत्र हो गया। मगर बिहार के लोग समझ गए कि ये आयेंगे तो माफिया राज आ जाएगा और इन्हें ठुकरा दिया। यूपी में अब कानून का राज है। बेटियां रात 12 बजे भी सुरक्षित घर जाती हैं।

ये बातें उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बुधवार को यहां कहीं। वे आगरा दक्षिण विधान सभा क्षेत्र में सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष में आयोजित एकता यात्रा में भाग लेने पहुंचे थे। यात्रा के दौरान नूरी दरवाजा पर सभा को संबोधित करते बृजेश पाठक ने कहा कि सरदार पटेल के चरित्र और जीवन को पढ़ें। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो देश को प्रथम मानती है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक भाइयों से कहूंगा कि सब लोग जाति धर्म से ऊपर उठकर 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनवाएं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को वर्तमान स्वरूप दिया, लेकिन उन्हें कांग्रेस ने श्रेय नहीं दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि ब्रिटिश हुकूमत ने देश को विभाजित कर टुकड़ों में बांट दिया। इसके बाद सरदार पटेल ने सभी रियासतों का भारत में विलय कराया। कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने का सरदार पटेल ने विरोध किया था।

उन्होंने कहा कि धारा 370 से डॊ. भीमराव आंबेडकर भी सहमत नहीं थे। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने विरोध किया। अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उनका साथ दिया था। मोदी सरकार ने धारा 370 को कश्मीर से समाप्त किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में रामलला का मंदिर बनाया। भाजपा जो कहती है, वो करती है। अयोध्या में रामलला के मंदिर के लिए हिंदुओं ने 500 वर्ष तक संघर्ष किया। कांग्रेस ने तो अयोध्या में राम के जन्म का प्रमाण नहीं होने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के लिए कांग्रेस और अन्य दलों ने राम के अस्तित्व को नकार दिया था।

श्री पाठक ने कहा कि सरदार पटेल के जीवन चरित्र को हमें जन-जन तक पहुंचाना है। मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुंबई में आतंकी हमले के समय कई लोग मारे गए थे और तब की सरकार जवाब नहीं दे पाई थी। हमारी सरकार ने सर्जिकल, एयर स्ट्राइक, ऒपरेशन सिंदूर से आतंकवाद के ठिकाने ध्वस्त किए। उन्होंने कहा कि लखनऊ अब ब्रह्मोस के लिए जाना जाता है।

SP_Singh AURGURU Editor